पर्यटन मंत्री बोले- मुगल और सनातन संस्कृति के बीच अटक गया लाइट एंड साउंड कार्यक्रम || आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी को मिलाकर बनेगा नया पर्यटन सर्किट || ताजमहल को बारहों महीने पूरी रात खोलने की तैयारी, लपकागिरी पर लगेगी लगाम

आगरा, 25 मार्च। देश में आजकल इतिहास को फिर से पलटने और अपने तरीके से व्याख्या करने की बहस चल पड़ी है। कभी औरंगजेब, कभी बाबर तो कभी राणा सांगा को लेकर राजनेताओं द्वारा टिप्पणी की जा रही हैं। अनर्गल टिप्पणियों से समाज में आक्रोश भी बढ़ रहा है, इन हालात के बीच प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने मंगलवार को यहां कहा कि आगरा किले में प्रस्तावित ध्वनि एवं प्रकाश कार्यक्रम भी मुगल और सनातन संस्कृति के बीच अटका हुआ है। कार्यक्रम की स्क्रिप्ट तय नहीं हो पा रही है।
जयवीर सिंह संजय प्लेस स्थित एक होटल में नेशनल चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स के तत्वावधान में पर्यटन विकास की संभावनाओं पर आयोजित संगोष्ठी को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कुछ लोग चाहते हैं कि ध्वनि एवं प्रकाश कार्यक्रम मुगलों की संस्कृति पर आधारित हो जबकि अन्य चाहते हैं कि इस कार्यक्रम के माध्यम से सनातन संस्कृति का प्रसार किया जाए। मामला हल होते ही आगरा किले के साथ ही फतेहपुर सीकरी में भी ध्वनि एवं प्रकाश कार्यक्रम शुरू कर दिया जाएगा।
नया पर्यटन सर्किट बनाया जा रहा 
जयवीर सिंह प्रदेश सरकार में आगरा के प्रभारी मंत्री भी हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पर्यटन विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है, आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी को मिलाकर नया पर्यटन सर्किट बनाया जा रहा है, जिससे यहां आने वाले पर्यटक कम से कम तीन चार दिन प्रवास करें। 
ताजमहल बारहों महीने पूरी रात खोलने की तैयारी 
उन्होंने कहा कि ताजमहल को केवल रात्रि बारह बजे तक नहीं बल्कि पूरी रात पर्यटकों के लिए खोले जाने की तैयारियां चल रही हैं। इस बारे में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग की आपत्तियों को दूर किया जा रहा है। जल्द ही ताजमहल पूरी रात जनता के लिए खोलने का निर्णय ले लिया जाएगा।
गुंडागिरी, छिनैती और लपकागिरी बंद की जायेगी 
पर्यटन मंत्री ने उद्यमियों और व्यापारियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश के सभी स्मारकों पर प्रशिक्षित गाइड तैनात किए जाएंगे। गाइडगिरी के नाम पर पर्यटकों के साथ होने वाली गुंडागिरी, छिनैती और लपकागिरी को बंद किया जाएगा। जल्द ही इस बारे में सरकार कड़ा कदम उठाने जा रही है।
सरकार के पर्यटन प्रोत्साहन के कदमों के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि पूरे देश में अध्ययन कराने के बाद वर्ष 2022 में राज्य पर्यटन नीति लागू की गई, कई नई व्यवस्थाएं की गई हैं और कई अन्य भी शीघ्र की जायेंगी। पर्यटकों का प्रवास रोकने के लिए गोवर्धन, वृंदावन, मथुरा, आगरा, बटेश्वर, फिरोजाबाद और मैनपुरी को मिलाकर नया सर्किट बनाया जा रहा है। सरकार पांच कमरों के होम स्टे से लेकर पांच तारा होटलों को दो सौ करोड़ रुपये की सब्सिडी दे रही है। यूपी अकेला ऐसा राज्य है, जिसने अपने स्तर पर होटलों को रेटिंग देनी शुरू की है। 
आगरा को पर्यटन विकास के लिए 188 करोड़ दिए गए 
उन्होंने कहा कि पिछले तीन साल के अकेले आगरा को पर्यटन विकास के लिए 188 करोड़ रुपये दिए गए हैं। सरकार बटेश्वर के सभी मंदिरों का संरक्षण कर रही है। वहां पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 65फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित करने की योजना है। शौरीपुर का भी तेजी से विकास किया जा रहा है। यमुना में जल स्तर बढ़ाने के प्रयास भी शुरू किए जा रहे हैं। फिरोजाबाद में ग्लास म्यूजियम तैयार किया जा रहा है।
इससे पूर्व चैंबर अध्यक्ष अतुल गुप्ता ने स्वागत भाषण करते हुए शहर की वर्षों पुरानी मांगों को रखा और अपेक्षा की कि प्रभारी मंत्री होने के नाते जयवीर सिंह इस दिशा में कार्य करेंगे। होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश चौहान, होटल एंड रेस्टोरेंट ओनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष रमेश वाधवा और टूरिस्ट गाइड एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक दान ने भी पर्यटन प्रोत्साहन संबंधी सुझाव दिए और अपनी मांगें रखीं। 
मंच पर भाजपा के महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, चैंबर उपाध्यक्षद्वय मनोज गुप्ता, अम्बा प्रसाद गर्ग, कोषाध्यक्ष नितेश अग्रवाल, नवनिर्वाचित अध्यक्ष संजय गोयल भी विराजमान थे। संगोष्ठी का संचालन पूर्व अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने किया।
________________________________________



ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments