चैंबर चुनाव में जीते तीन संजय! संजय गोयल एडवांस बनेे नए अध्यक्ष, अनिल अग्रवाल को 217 मतों से हराया, योगेश जिंदल तीसरे स्थान पर रहे || संजय गोयल आगरा स्टील और विवेक उपाध्यक्ष बने कोषाध्यक्ष पद पर संजय अग्रवाल कड़े मुकाबले में जीते

आगरा, 10 मार्च। संजय गोयल (एडवांस) नेशनल चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स के नए अध्यक्ष बन गए हैं। इसके अलावा संजय गोयल (आगरा स्टील) और विवेक जैन उपाध्यक्ष पद पर चुन लिए गए। कोषाध्यक्ष पद पर संजय अग्रवाल से-कैटरर्स विजयी होने में सफल रहे।
अध्यक्ष पद के त्रिकोणीय मुकाबले में संजय गोयल एडवांस ने 217 मतों से विजय हासिल की। उन्हें सर्वाधिक 525 मत मिले। 308 मतों के साथ अनिल अग्रवाल दूसरे और 172 मतों के साथ योगेश जिंदल तीसरे स्थान पर रहे।
उपाध्यक्ष पद पर चार प्रत्याशियों में से संजय  गोयल आगरा स्टील और विवेक जैन क्रमशः 508 और 358 मत पाकर विजयी रहे। इसके अलावा गोपाल खंडेलवाल को 300 और नीरज अग्रवाल को 103 मत मिले।
कोषाध्यक्ष पद पर विजयी रहे संजय अग्रवाल को 520 मत मिले। विनय मित्तल को 483 मत मिले, वे दूसरे स्थान पर रहे। गौरतलब है कि कोषाध्यक्ष पद पर इस बार मतदान से पहले विवाद हो गया था और विनय अग्रवाल को एकमात्र प्रत्याशी माना गया था। इसके बाद संजय अग्रवाल की आपत्ति स्वीकार करते हुए उन्हें भी प्रत्याशी मान लिया गया था। 
इसके अलावा कार्यकारिणी के तीन ग्रुपों के लिए भी मतदान हुआ। ग्रुप छह से चार प्रत्याशी अंबुज गोयल (72), अखिल मोहन मित्तल (72), अनुज विकल (70) और महेश अग्रवाल (58) विजयी रहे। 
ग्रुप दस से दो प्रत्याशी रवि अग्रवाल (41) और मोहित गर्ग (32) विजयी रहे और ग्रुप 12 से अशोक गुप्ता (32) विजयी रहे।
अध्यक्ष पद पर पांच, उपाध्यक्ष पद पर चार और कोषाध्यक्ष पद पर आठ मत निरस्त कर दिए गए।
चुनाव समिति के अध्यक्ष प्रदीप वार्ष्णेय, सह अध्यक्ष शलभ शर्मा, सदस्य अमर मित्तल, महेंद्र सिंघल, अनिल वर्मा, अतुल गुप्ता, श्रीकिशन गोयल, दिनेश जैन ने विजयी प्रत्याशियों की घोषणा की। घोषणा होते ही नवनिर्वाचित अध्यक्ष संजय गोयल एडवांस, उपाध्यक्ष संजय गोयल आगरा स्टील, विवेक जैन, कोषाध्यक्ष संजय अग्रवाल और कार्यकारिणी सदस्यों को उनके समर्थकों ने फूलमालाओं से लाद दिया। 
इससे पहले सुबह साढ़े दस बजे से दोपहर तीन बजे तक मतदान की गहमागहमी रही। कुल 1477 मतदाताओं में से 1009 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चैंबर के चुनावों में हाल के वर्षों में यह सर्वाधिक मतदान रहा। सुबह से ही मतदाताओं की भीड़ जुटने लग गई थी। समय गुजरने के साथ यह बढ़ती गई। मतदाताओं के वाहनों के कारण अग्रवन के बाहर सड़क पर कई बार यातायात जाम की भी स्थिति रही।
प्रत्याशियों के बीच भी मतदाताओं को अपनी ओर आकर्षित करने की होड़ लगी रही। अग्रवन के गेट से मतदान कक्ष तक प्रत्याशी अपनी पकड़ मजबूत करने में जुटे रहे। मतदाता सूची से मिलान करके अपने वोटरों को बुलाया जाता रहा। शहर के विभिन्न क्षेत्रों के उद्यमियों और व्यापारियों के अलावा फिरोजाबाद से भी चैंबर के सदस्य मताधिकार का प्रयोग करने आए।
________________________________________





ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments