नगर आयुक्त, महापौर, विधायक किसी को नहीं मालूम! फिर कौन करा रहा संजय प्लेस में वाहनों से वसूली || व्यापारियों ने दिया अल्टीमेटम, सोमवार से करेंगे आंदोलन
आगरा, 05 फरवरी। नगर निगम के नाम पर कुछ लोगों द्वारा की जा रही मनमानी के खिलाफ संजय प्लेस के व्यापारी एकबार फिर उठ खड़े हुए हैं। उन्होंने संजय प्लेस में अवैध पार्किंग व सड़कों से गाड़ियाँ उठाकर अवैध वसूली करने का कड़ा विरोध करते हुए प्रशासन को चार दिन का अल्टीमेटम दे दिया है।
संजय प्लेस वैलफेयर एसोसिएशन ने बुधवार को संजय प्लेस स्थित आहार रेस्टोरेंट में पत्रकार वार्ता करते हुए कहा कि यदि रविवार तक व्यवस्था न सुधरी तो सोमवार से सभी व्यापारी आंदोलन शुरू कर देंगे और अपने प्रतिष्ठानों की चाबियां नगर निगम को सौप देंगे।
व्यापारियों ने आश्चर्य व्यक्त करते हुए कहा कि नगर निगम के नाम पर वाहन स्वामियों से अवैध वसूली की जा रही है और नगर आयुक्त, महापौर या फिर क्षेत्रीय विधायक को इसकी जानकारी ही नहीं है। उन्होंने इसके पीछे बड़ा वित्तीय घोटाला होने की आशंका जताते हुए उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों को कड़ा दण्ड देने की मांग की।
व्यापारियों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि पूर्व में भी नगर निगम ने संजय प्लेस की पार्किंगों का ठेका उठाया था तो मजबूरन व्यापारियों को आन्दोलन की राह अपनानी पड़ी थी जिसमें नगर निगम प्रशासन ने व्यापारियों पर ही झूठे मुकदमे पंजीकृत करवा दिये थे जो कि आज तक न्यायालय में लम्बित हैं। इस घटनाक्रम के बाद नगर निगम प्रशासन एवं व्यापारियों के मध्य यह सहमति बनी कि संजय प्लेस पार्किंग के क्रियान्वन के लिए संजय प्लेस वैलफेयर एसोसिएशन के सदस्यों से कोई पार्किंग शुल्क नहीं लिया जाएगा। व्यापारियों पर लगे सारे मुकदमे वापस लिए जाऐंगे और पार्किंग संचालक संजय प्लेस वैलफेयर एसोसिएशन के निर्धारित मानकों के अनुसार ही पार्किंग शुल्क वसूलेगा। परन्तु नगर निगम प्रशसन पुनः हठधर्मिता पर उतर आया है।
पंजीकृत है अवैध वसूली वाहन
व्यापारियों ने आरोप लगाया कि इस अवैध वसूली के लिए नगर निगम ने संजय प्लेस में पिछले कुछ माह से एक क्रेन के माध्यम से व्यापारियों व ग्राहकों के वाहनों को उठवाकर अवैध वसूली कर नया हथकन्डा अपनाया है। व्यापारियों के मांगने पर क्रेन संचालक कोई अधिकृत अनुमति पत्र नहीं दिखा पाया एवं पोर्टल पर जाँच करने पर पाया गया कि इस पूरी अवैध वसूली में बड़ा घालमेल है। वाहन संख्या UP32FN7006 एक खुदाई करने वाली क्रेन के रूप में पंजीकृत है जबकि इसकी पुर्ननिर्माण करके अवैध रूप से वाहन उठाने वाली क्रेन में तब्दील किया गया है। वाहन यूरो-2 में पंजीकृत है जबकि आगरा शहर में यूरो-2 वाहन चलाना प्रतिबन्धित है। वाहन की वैधता व पंजीकरण 31 सितम्बर 2024 को ही समाप्त हो गया है। वाहन की फिटनेस भी 3 फरवरी 2022 तक वैध है एवं वाहन का इन्श्योरेंस 15 मई 2023 तक है। इन सभी अनियमितताओं को देखकर व्यापारियों ने क्रेन को संजय प्लेस पुलिस चौकी के सुपुर्द कर दिया।
पत्रकार वार्ता में केएन आग्निहोत्री, हीरेन अग्रवाल, विनय मित्तल, आरएस सेंगर, अशोक जैन, अनिल अग्रवाल, अरविन्द सिंह, सतपाल अरोड़ा आदि मौजूद रहे।
__________________________________
Post a Comment
0 Comments