21 हजार दियों की रोशनी के साथ यमुना दिवाली महोत्सव शुरू

आगरा, 29 अक्टूबर। नगर निगम ने मंगलवार की सायं साढ़े पांच बजे यमुना किनारा आरती स्थल पर 21 हजार दीप जलाकर यमुना दिवाली महोत्सव का आगाज किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह और नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने दीप प्रज्ज्वलन और यमुना मैया की आरती उतार कर किया। यह आयोजन 31 अक्तूबर तक चलेगा।
इस अवसर पर विचार व्यक्त करते हुए महापौर ने कहा कि यमुना किनारे दिवाली महोत्सव इसीलिए मनाया जा रहा है कि हम सभी यमुना किनारे आएं और यमुना को स्वच्छ रखने में अपना सहयोग करें। महापौर ने कहा कि दिवाली की शॉपिंग के दौरान पॉलिथीन का उपयोग न करें, अपने घरों से कपड़े के थैले लेकर बाजार जाएं। सिंगल यूज प्लास्टिक को न कहें, यह पर्यावरण को दूषित करती है। 
नगरायुक्त अंकित खंडेलवाल ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य जनमानस को यमुना नदी से जोड़ना और परंपराओं को पुनर्जीवित करना है। आयोजन स्थल पर विभिन्न प्रकार के बच्चों के झूले और मनोरंजन के साधनों के अलावा खान पान की स्टॉलों पर उपलब्ध व्यंजनों का भी लुत्फ लिया जा सकता है।
उन्होंने नगर वासियों से अपील करते हुए कहा कि आयोजन में भाग लेकर वे नगर निगम द्वारा शुरु की जा रही अनूठी परंपरा को आगे बढाने में सहयोग दें।
कार्यक्रम के दौरान जन प्रतिनिधियाों के अलावा विभिन्न वार्डों के पार्षद, राजनैतिक दलों के पदाधिकारी और नगर की सहयोगी संस्थाओं के स्वयंसेवक और नगर  निगम के अधिकारी व कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
___________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments