खेरागढ़ में खनन माफियाओं ने चलाई पुलिस टीम पर गोलियां, एक सिपाही घायल
आगरा, 07 सितंबर। खेरागढ़ कस्बे के गांव समाध के पास खनन माफियाओं ने शनिवार की सुबह एक सिपाही को गोली मार दी। सिपाही के कान के पास गोली लगी। बालू से भरी अवैध ट्रैक्टर-ट्रॉली का पीछा करती पुलिस की जीप को बदमाशों ने घेर लिया। उन्होंने पहले गाड़ी में तोड़फोड़ की, फिर कई राउंड गोली चलाई। जान बचाने के लिए पुलिस को वहां से भागना पड़ा।
सूचना मिलने पर कई थानों की फोर्स के साथ एसीपी इमरान अहमद मौके पर पहुंचे। घायल सिपाही को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सुबह आठ बजे करीब खेरागढ़ पुलिस को सूचना मिली कि अवैध बालू से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां आ रही हैं। इंस्पेक्टर खेरागढ़ देव करन सिंह ने पांच पुलिस वालों के साथ तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का पीछा किया। बदमाशों ने पुलिस की गाड़ी को घेरकर पहले पथराव किया। इसके बाद फायरिंग करने लगे। खुद को घिरता देख पुलिस वालों ने किसी तरह से भाग कर अपनी जान बचाई। इस बीच मौके से आरोपी फरार हो गए। बदमाशों की एक गोली सिपाही अजय के कान के पास लगी। अजय को रेनबो हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।
आसपास के लोगों से भी पूछताछ करके बदमाशों के पहचान की कोशिश की जा रही है। खनन माफियाओं के गुर्गों को पकड़ने के लिए टीमों का गठन कर दिया गया है। डीसीपी पश्चिमी सोनम कुमार ने बताया कि बदमाशों को पकड़ने के लिए छह टीमों को लगाया गया है।
Post a Comment
0 Comments