खुशखबरी: राकेश गर्ग उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष बनाए गए, बधाइयों का तांता

आगरा, 12 सितंबर। राजनीतिक क्षेत्र में शहर को एक और उपलब्धि हासिल हो गई है। अभी तक उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के उपाध्यक्ष रहे शहर के प्रमुख उद्यमी राकेश गर्ग को प्रदेश सरकार ने इसी उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम का अध्यक्ष बना दिया है। 
प्रदेश सचिवालय से राकेश गर्ग को गुरुवार को इस बारे में आधिकारिक सूचना दे दी गई। इसके साथ ही उनके पास लोगों की बधाइयां आने का सिलसिला शुरू हो गया। 
शहर के प्रमुख प्रकाश ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज के संचालक और कमलानगर निवासी राकेश गर्ग अपने मृदु व्यवहार के लिए लोकप्रिय हैं। वे राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के पुराने कार्यकर्ता हैं और संघ से जुड़ी संस्था लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री भी हैं। इससे पहले वे वर्ष 2014-19 में लघु उद्योग भारती के उत्तर प्रदेश के संस्थापक अध्यक्ष भी रहे हैं और प्रदेश भर में साढ़े पांच हजार सदस्यों को जोड़ने में उनकी प्रमुख भूमिका रही है। उन्हें वर्ष 2019 में उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम का उपाध्यक्ष बनाया गया था।
राकेश गर्ग के अलावा लखनऊ के व्यापारी नेता नटवर गोयल को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
गौरतलब है कि प्रदेश सरकार ने वर्ष 2019 में सुभासपा के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर के बेटे अरविंद राजभर को निगम का अध्यक्ष बनाया था, लेकिन उसके बाद भाजपा से गठबंधन टूटने के बाद अरविंद को पद छोड़ना पड़ा था। 
नेशनल चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स के अध्यक्ष अतुल गुप्ता और सिकंदरा फैक्ट्री ओनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल ने राकेश गर्ग को अध्यक्ष बनाए जाने पर बधाई दी है।
___________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments