डीएम कंपाउंड की दीवार गिरी, मोहनपुरा में एक बालिका की मौत, पांच घायल || जिलाधिकारी और विधायक धर्मेश पहुंचे मौके पर

आगरा, 01 सितंबर। एमजी रोड पर स्थित जिलाधिकारी कंपाउंड की जर्जर दीवार गिरने से आठ वर्षीया बालिका की मौत हो गई। दो अन्य बालिकाओं समेत पांच लोग गंभीर घायल बताए जा रहे हैं। उन्हें उपचार के लिए सरोजनी नायडू मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। हादसे का पता लगते ही जिलाधिकारी भानु चंद्र भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने हादसे की जानकारी ली और घायलों को शीघ्र उपचार दिलाने के निर्देश दिए। जिला प्रशासन ने जांच के आदेश दिए गए हैं कि आखिर दीवार क्यों गिरी। छावनी क्षेत्र के विधायक डा जीएस धर्मेश भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पीड़ितों को मुआवजा दिए जाने की मांग की।
हादसा रविवार की सायं करीब सात बजे हुआ। थाना रकाबगंज क्षेत्र में डीएम कंपाउंड की दीवार पीछे स्थित मोहनपुरा बस्ती में गिर गई। हादसे में चाट की ठेली लगाने वाले चरन सिंह, आरती उर्फ लालो (आठ वर्ष), पड़ोस में रहने वाली तमन्ना और रामवीर गंभीर रूप से घायल हो गए। आरती की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घायल रामवीर (55), चरण सिंह (48) की उम्र लगभग 50 वर्ष तथा तमन्ना की आयु दस साल बतायी जा रही है। चर्चा है कि एक अन्य बालिका और एक व्यक्ति भी घायल हुए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया। नगर मजिस्ट्रेट वेद प्रकाश चौहान, एसीपी सुकन्या शर्मा भी राहत कार्य में जुट गए। मौके पर पहुंचे जिलाधिकारी भानु चंद्र गोस्वामी ने नगर मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए कि घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराया जाए। 
मोहनपुरा बस्ती के किनारे डीएम कंपाउंड की दीवार है, जो करीब आठ फीट ऊंची है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम सात बजे दीवार के सहारे कुछ लोग खड़े थे। पास ही कुछ बच्चियां खेल रही थीं। तभी अचानक दीवार का पांच फीट का हिस्सा भरभराकर ढह गया। बुजुर्ग और बच्चियां मलबे में दब गईं। 
कैंट विधायक जीएस धर्मेश ने कहा कि दीवार पुरानी थी। इसके पीछे जल भराव रहता है। जलभराव और बारिश की वजह से ये दीवार गिरी। पीड़ितों के परिजनों को मुआवजा दिया जाए।
___________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments