ताजमहल को लेकर अखिलेश यादव का भाजपा सरकार पर तंज, मांगा करोड़ों रुपये का हिसाब
आगरा, 19 सितंबर। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने एक बार फिर आगरा के बहाने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। इस बार उन्होंने ताजमहल के रखरखाव को मुद्दा बनाते हुए एक्स (ट्विटर) पर सरकार पर तंज कसा। उन्होंने ताजमहल की दीवार में उगे पौधे, कलश पर जंग लगने की तस्वीर भी पोस्ट कीं और सरकार से रख-रखाव के लिए जारी होने वाले करोड़ों रुपये का हिसाब भी मांगा।
अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा- विश्व भर के पर्यटकों को आकर्षित करनेवाले अजूबे 'ताजमहल' के रख-रखाव को लेकर भाजपा सरकार व उसके सुषुप्त निष्क्रिय विभाग पूरी तरह से नाकाम हैं। ताजमहल के मुख्य गुंबद पर लगे कलश की धातु में जंग लगने की आशंका है। मुख्य गुंबद से पानी टपक रहा है। गुंबद में पेड़ उग आया है। जड़ें विकसित हुईं तो ताजमहल में दरारें आ सकती हैं। ताजमहल परिसर बंदरों का अभयारण्य बन गया है। ताजमहल परिसर में जलभराव की समस्या है।
अखिलेश ने लिखा कि इन सब कारणों से दुनियाभर से आने वाले पर्यटकों के बीच देश की छवि वैश्विक स्तर पर धूमिल होती है। पर्यटक ताजमहल को निहारें या समस्याओं से निपटें। उन्होंने सवाल उठाया कि ताजमहल के रख-रखाव के लिए जो करोड़ों रुपये का फंड आता है, वो कहां जाता है। सरकार एक जीता-जागता उदाहरण होना चाहिए, कोई स्मारक भर नहीं।
गौरतलब है कि अखिलेश यादव इससे पहले आगरा में जलभराव आदि समस्याओं पर भी सरकार पर निशाना साध चुके हैं।
_________________
Post a Comment
0 Comments