पति ने पत्नी को तीन लाख में बेच दिया, दो खरीदारों ने महीने भर किया दुष्कर्म, अब ले जा रहे थे फिर सौदा करने!

आगरा, 19 सितम्बर। जिला एवम सत्र न्यायालय दीवानी के गेट पर गुरुवार को बदहवास हालत में मिली महिला की हकीकत सुनकर अधिवक्ता हैरान रह गए। पीड़िता ने बताया कि पति ने तीन लाख रुपये में उसे बेच दिया था। दो खरीददारों ने महीने भर बंधक बनाकर रखा, उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। अब उसे दूसरी जगह बेचने के लिए जा रहे थे, तभी वह चंगुल से भाग निकली। 
पीड़िता थाना अछनेरा क्षेत्र की निवासी है। उसका कहना था कि पति ने दो युवकों को बेच दिया। एक महीने से उनके चंगुल में थी। दोनों ने दुष्कर्म किया। उसे बेचने के लिए दूसरी जगह ले जा रहे थे, तभी मौका मिलने पर वह भाग आई। हालांकि पीड़िता ने थाने में तहरीर नहीं दी। उसे परिजन घर ले गए।
अधिवक्ता ओमवीर सिंह चाहर ने मीडिया को बताया कि सुबह दस बजे वह दीवानी के गेट नंबर-2 पर आए तो एक महिला बदहवास हालत में उनसे पानी मांगने लगी। वे पानी की बोतल लेकर आए। बाद में उससे परेशानी का कारण पूछा। उसने बताया कि वह अछनेरा थाना क्षेत्र की रहने वाली है। दिसंबर 2023 में शादी हुई थी। ससुराल मथुरा के थाना मगोर्रा क्षेत्र में है। पति किसान है। आरोप लगाया कि वह पिछले महीने मायके आई थी। विगत 13 अगस्त को पति आया। बाइक से ससुराल के लिए उसे साथ लेकर निकला। गांव के बाहर ससुराली मिल गए। एक गाड़ी भी थी, जिसमें दो युवक और थे। पति ने कहा कि घूमने जाना है। इसलिए गाड़ी लेकर आए हैं, उसमें उसे बैठा दिया। जब तक वह कुछ समझ पाती, दोनों युवकों ने उसे पकड़कर रुमाल सुंघा दिया, जिससे उसे होश नहीं रहा। होश में आने पर वह एक कमरे में बंद थी। सुनसान जगह पर उसे बंधक बनाया था। युवकों ने दुष्कर्म किया। वह तीन लाख रुपये में पति से उसे खरीदने की कहने लगे। दोनों युवक उसे कमरे में बंद करके रखते थे। खाने के लिए थोड़ा-बहुत दिया करते थे। बृहस्पतिवार को दोनों उसे दूसरी जगह बेचने के लिए ले जा रहे थे। सुबह भगवान टाकीज चाैराहे युवक नाश्ता करने लगे। तभी वह भाग निकली।
थाना न्यू आगरा पुलिस ने जानकारी पर महिला के बयान लिए। थाना प्रभारी ने बताया कि युवती ने पति पर उसे बेचने का आरोप लगाया था। पीड़िता से तहरीर देने के लिए कहा था। मगर, लिखित शिकायत नहीं की। भाई आया था। वह उसे लेकर चला गया। पुलिस को लिखित शिकायत मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
__________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments