राम बरात से पूर्व फुलट्टी में मकान का छज्जा गिरने से एक मजदूर मरा, तीन अन्य घायल

आगरा, 26 सितंबर। थाना कोतवाली के अंतर्गत फुलट्टी बाजार में विगत रात्रि जर्जर मकान को तोड़ते समय छज्जा गिरने से एक मजदूर दब गया और उसकी मौत हो गई। तीन अन्य मजदूर घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घायलों को उपचार के लिए भेजा गया। मकान मालिक दो दिन बाद निकलने वाली राम बरात के लिए मकान को सही करा रहा था।
पुलिस ने बताया कि राम बरात को लेकर नगर निगम ने कई जर्जर मकान स्वामियों को नोटिस दिए हैं। फुलट्टी बाजार में कई जर्जर मकान चिन्हित किए गए हैं। इसमें रिंकू वर्मा का भी मकान है। वह अपने जर्जर मकान का छज्जा सही करा रहे थे। बुधवार रात करीब डेढ़ बजे मजदूर काम कर रहे थे, तभी मकान का आगे का हिस्सा टूट गया। हादसे में पप्पू पुत्र अजयपाल निवासी गढ़ी चांदनी दब गया। मौके पर चीख-पुकार मच गई। अन्य मजदूरों ने उसे बाहर निकाला। उसके सिर में गंभीर चोट लगी थी। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस घायल को एसएन मेडिकल कॉलेज ले गई। जहां पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। सूचना पर मृतक के परिजन भी पहुंच गए।
क्षेत्रीय पार्षद आरती शर्मा के पति नवीन चंद्र शर्मा का कहना है कि नगर निगम ने गिरासू भवनों की सूची जारी की थी। फुलट्टी बाजार में अचार वाले के बराबर में बिल्डिंग जर्जर थी। उसे दो दिन से गिराया जा रहा था। विगत रात्रि बिल्डिंग का आगे का हिस्सा गिरने से चार मजदूर दब गए, इनमें से एक की मौत हो गई, तीन अन्य का उपचार किया जा रहा है।
क्षेत्रीय निवासियों ने आरोप लगाया कि बिल्डिंग असुरक्षित तरीके से गिराई जा रही थी। ठेकेदार द्वारा पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए थे।
___________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments