हाथरस में रोडवेज बस और टाटा मैक्स की भीषण भिड़ंत में 15 मरे, मृतकों में 14 आगरा के || प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने हादसे पर जताया दुःख, राहत राशि की घोषणा, चालीसवें से लौट रहे थे एक ही परिवार के लोग
आगरा/हाथरस, 06 सितंबर। आगरा-हाथरस मार्ग पर शुक्रवार की शाम करीब छह बजे यूपी रोडवेज की बस (जनरथ) और टाटा मैक्स (छोटा हाथी) की भिड़ंत में 15 लोगों की मौत हो गई और डेढ़ दर्जन लोग घायल हो गए। मरने वालों में 14 आगरा जिले के खंदौली थाना क्षेत्र के गांव सेमरा के रहने वाले थे, जबकि एक फिरोजाबाद जिले का निवासी था। मृतकों में सात पुरुष, चार महिलाएं और चार बच्चे शामिल हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे पर गहरा दुःख जताया। प्रधानमंत्री ने इस सड़क हादसे पर दुःख जताते हुए आर्थिक मदद की घोषणा की। मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे।
हादसा आगरा-हाथरस मार्ग पर थाना चंदपा क्षेत्र में नगला भुस बाईपास कपूरा चौराहे के पास हुआ। हादसे की वजह टाटा मैक्स वाहन के गलत तरीके से ओवरटेक करना बताया जा रहा है। गंभीर रूप से घायल आठ लोगों को उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। अन्य का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, सासनी के गांव मुकुंदखेड़ा निवासी राजुद्दीन की मां अंगूरी का इंतकाल हो गया था। शुक्रवार को उनका चालीसवां था। इसमें शामिल होने के लिए राजुद्दीन की ससुराल गांव सेमरा से करीब 35 लोग टाटा मैक्स में सवार होकर आए थे। शाम करीब साढ़े पांच बजे ये लोग आगरा के लिए रवाना हुए। जब वे थाना चंदपा क्षेत्र के कपूरा चौराहे के निकट पहुंचे तो टाटा मैक्स सामने से आ रही जनरथ बस से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि टाटा मैक्स के परखच्चे उड़ गए। इसमें सवार लोग उछलकर सड़क किनारे जा गिरे। हादसे के बाद जमा हुए लोगों ने घायलों और मृतकों को जिला अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों ने 15 को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में शामिल इरशाद, मुन्ना खां, मुस्कान, टल्ली, तबस्सुम, नजमा, भोला, खुशबू, जमील, छोटे, अयान, सूफियान, अल्फेज, शोएब गांव सेमरा के निवासी थे, जबकि इशरत फिरोजाबाद का रहने वाला था।
हादसे की सूचना मिलते ही हाथरस के जिलाधिकारी आशीष कुमार और पुलिस अधीक्षक निपुण अग्रवाल मौके पर पहुंच गए। दुर्घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
हादसा बहुत भयावह था। लाशें बिखरी पड़ी थीं। खून से लथपथ घायल चिल्ला रहे थे। दुर्घटना स्थल के पास मौजूद मुश्ताक अली ने बताया कि वह पास में ही थे। अचानक तेज धमाके जैसी आवाज आई। लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। वहां पर देखा तो मृतक और घायल इधर-उधर पड़े थे। किसी तरह हम लोगों ने गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकाला। कुछेक प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ओवरटेक कर रही टाटा मैक्स में रोडवेज बस ने पीछे से टक्कर मारी। टाटा मैक्स में तीस से अधिक लोग सवार थे।
______________________________________
Post a Comment
0 Comments