रजत, शिशिर समेत आगरा के नौ हस्तशिल्प निर्यातकों को दिल्ली में मिला उत्कृष्ट निर्यात पुरस्कार, कुल 123 पुरस्कार वितरित किए गए
आगरा, 22 अगस्त। हस्तशिल्प निर्यात संवर्धन परिषद (ईपीसीएच) के गुरुवार को नई दिल्ली में हुए 24वें हस्तशिल्प निर्यात पुरस्कार समारोह भारतीय हस्तशिल्प निर्यातकों को वर्ष 2019-20 और 2020-21 के दौरान उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विभिन्न श्रेणियों में 123 ट्रॉफियां और योग्यता प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें आगरा के भी नौ निर्यातक शामिल हैं।
वर्ष 2019-20 और 2020-21 के लिए शीर्ष निर्यात पुरस्कार सी.एल. गुप्ता एक्सपोर्ट्स लिमिटेड, अमरोहा (उत्तर प्रदेश) को मिले। वरिष्ठ निर्यातक मुजफ्फर हुसैन को ‘लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। इसके बाद विभिन्न हस्तशिल्प उत्पाद श्रेणियों में और पुरस्कार व प्रमाण पत्र दिए गए।
ताजनगरी के स्टोनमैन क्राफ्ट के रजत अस्थाना और शिशिर अस्थाना को क्रमशः वर्ष 2019- 20 और 2020- 21 के लिए प्लेटिनम परफॉर्मर अवार्ड मिला। इसके अलावा आगरा के ही रमेश चंद्र शर्मा, शुभम शर्मा, विवेक अग्रवाल, नीता शर्मा, शिवांगी शर्मा, देवांगी शर्मा, नितिन अग्रवाल, अंकित अग्रवाल को भी विभिन्न वर्गों में शीर्ष निर्यातक का पुरस्कार मिला। वर्ष 2019-20 के 62 विजेताओं और वर्ष 2020-21 के 61 विजेताओं को कुल 123 पुरस्कार प्रदान किए गए।
समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह थे। कपड़ा मंत्रालय की सचिव रचना शाह, अतिरिक्त सचिव रोहित कंसल, विकास आयुक्त अमृत राज, ईपीसीएच के अध्यक्ष दिलीप बैद, ईपीसीएच के महानिदेशक और इंडिया एक्सपोज़िशन मार्ट लिमिटेड के अध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार, उपाध्यक्ष डॉ. नीरज खन्ना, सागर मेहता, कार्यकारी निदेशक आर.के. वर्मा भी मौजूद रहे।
Post a Comment
0 Comments