फतेहपुरसीकरी सीट ने बढ़ा रखी हैं धड़कनें, हर कोई पल-पल का हाल जानने का उत्सुक, आगरा में बघेल एकतरफा जीत की ओर
आगरा, 04 जून। लोकसभा चुनावों की मतगणना में जहां आगरा सुरक्षित सीट से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी प्रो एसपी सिंह बघेल एकतरफा जीत की ओर बढ़ रहे हैं, वहीं फतेहपुर सीकरी सीट पर जारी उतार चढ़ाव ने प्रत्याशियों और उनके समर्थकों को धड़कनें बढ़ा रखी हैं। मतगणना के शुरुआती चक्रों पिछड़े राजकुमार चाहर ने दसवें चक्र तक दस हजार की बढ़त हासिल कर ली थी, लेकिन बीच में यह बढ़त एक हजार तक सिमट गई थी। सोलहवें चक्र की मतगणना पूरी होने पर चाहर की बढ़त का अंतर एक बार फिर बढ़ा और 13143 पहुंच गया। हालांकि इसके बाद सूचना मिली कि बढ़त का यह अंतर केवल 548 वोटों का रह गया। बीस चक्रों की समाप्ति पर चाहर 11522 मतों से आगे थे। इसके बाद एक बार फिर सिकरवार के बढ़ने की खबरें भी आईं।
फतेहपुर सीकरी सीट पर चल रही कश्मकश पर हर मतदाता की निगाह लगी हुई है। लोग निरंतर परिणामों को जानने के उत्सुक नजर आ रहे हैं। कांग्रेस प्रत्याशी रामनाथ सिंह सिकरवार भाजपा के वर्तमान सांसद राजकुमार चाहर को कड़ी टक्कर दे रहे हैं। फतेहपुर सीकरी में कुल 28 चक्रों की मतगणना होनी है।
फतेहपुर सीकरी सीट
भाजपा के राजकुमार चाहर बीसवें चक्र की समाप्ति तक 11522 मतों से आगे चल रहे थे।
राजकुमार चाहर भाजपा - 304523
रामनाथ सिकरवार कांग्रेस - 292999
रामनिवास शर्मा बसपा - 91242
रामेश्वर चौधरी निर्दलीय - 33063
आगरा सुरक्षित सीट
भाजपा के प्रो एसपी सिंह बघेल ग्यारहवें चक्र की मतगणना पूरी होने तक अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा के सुरेश चंद्र कर्दम से 80,097 मतों से आगे चल रहे थे। इस चक्र की समाप्ति तक बघेल को 2,01,437 मत मिले। सपा के सुरेश चंद्र कर्दम को 1,21,340 और बसपा की पूजा अमरोही को 71,328 मत मिले थे।
आगरा सुरक्षित सीट के लिए गल्ला मंडी फिरोजाबाद आगरा रोड और फतेहपुर सीकरी सीट के लिए मंडी समिति खेरागढ़ में मतगणना चल रही है। आगरा सीट की पांच विधानसभा में से चार विधानसभा एत्मादपुर, दक्षिण, उत्तर और कैंट की मतगणना आगरा में हो रही है। जलेसर विधानसभा की मतगणना एटा में चल रही है। फतेहपुर सीकरी की मतगणना 28 चक्रों में होगी और आगरा सीट की मतगणना 34 चक्र में होगी। शाम चार बजे तक नतीजे घोषित हो जाएंगे।
____________________________________
Post a Comment
0 Comments