आगरा से दी गई मुंबई के ताज होटल और एयरपोर्ट को उड़ाने की धमकी, मुंबई पुलिस पकड़ ले गई आरोपी को
आगरा, 01 जून। मुंबई के ताज होटल व हवाई अड्डे में बम रखने का धमकी भरा संदेश भेजने वाला युवक सदर क्षेत्र के सोहल्ला से गिरफ्तार किया गया। मुंबई पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर अपने साथ ले गई। आरोपी के पास से वह मोबाइल फोन भी बरामद किया गया, जिससे धमकी दी गई थी।
मुंबई पुलिस ने गुरुवार देर रात आगरा पुलिस की मदद से सदर थाना क्षेत्र के सोहल्ला में दबिश दी। यहां से अरविंद राजपूत नाम के युवक को दबोचा। शुक्रवार शाम को मुंबई पुलिस आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर अपने साथ ले गई। बताया गया है कि जिस मोबाइल फोन से उसने बम रखने की धमकी दी थी, वह उसे ट्रेन में पड़ा मिला था।
मुंबई ट्रैफिक पुलिस के हेल्पलाइन नंबर पर विगत 27 मई को धमकी भरा संदेश भेजा गया था। इसमें लिखा था कि मुंबई के एयरपोर्ट, ताज होटल और छत्रपति शिवाजी टर्मिनस रेलवे स्टेशन पर बम लगा दिए हैं। पूरी मुंबई को बम से उड़ा दिया जाएगा। मुंबई पुलिस ने मैसेज को गंभीरता से लिया।
संदेश भेजने वाले मोबाइल फोन नंबर की खोजबीन करके सबसे पहले मुम्बई पुलिस आगरा आई। नंबर ट्रेस करने पर सामने आया कि यह नंबर हाथरस के सिकंदराराऊ के गांव देवर पनाखर के रत्नेश के नाम दर्ज है। पुलिस ने रत्नेश को गांव से पकड़ लिया। मुंबई पुलिस ने रत्नेश से पूछताछ की तो उसने बताया कि उसका मोबाइल रिश्ते के चाचा धर्मेंद्र ने लिया था। पुलिस ने धर्मेंद्र को भी पकड़ लिया। उससे पूछताछ में पता चला कि उसने सिकंदराराऊ से नया मोबाइल फोन खरीदा था। विगत 15 मई को मथुरा जंक्शन पर उसका मोबाइल फोन गिर गया। सिकंदराराऊ कोतवाली में 23 मई को मोबाइल खोने की लिखित सूचना दी थी। इसलिए मुंबई पुलिस ने धर्मेंद्र और रत्नेश को क्लीनचिट दे दी।
मुंबई पुलिस को सर्विलांस से जानकारी मिली कि मोबाइल फोन का आगरा में अभी भी प्रयोग किया जा रहा है। उसमें लोहामंडी से खरीदी गई नई सिम चल रही है। आगरा के ही कई मोबाइल नंबरों पर उस नंबर से बात की जा रही थी। गुरुवार देर रात पुलिस लोकेशन के आधार पर सदर के सोहल्ला में अरविंद राजपूत के घर में पहुंच गई। मुंबई पुलिस के सब इंस्पेक्टर प्रशांत पाटिल दो कॉन्स्टेबलों ने अरविंद राजपूत को गिरफ्तार कर मोबाइल फोन जब्त कर लिया।
डीसीपी सिटी सूरज कुमार राय ने बताया कि शुक्रवार को पुलिस ने अरविंद राजपूत को सीजेएम कोर्ट में पेश किया। यहां से कोर्ट के आदेश पर 48 घंटे के ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई पुलिस उसे साथ ले गई। मोबाइल फोन उसको कहां से मिला था? इसकी जानकारी मुंबई पुलिस ने साझा नहीं की।
पुलिस अरविंद राजपूत की कुंडली खंगाल रही है। बस्ती के लोग भी हैरान हैं। उसे घर से ही गिरफ्तार किया गया। उसके परिवार में मां, पत्नी और एक छोटा भाई है। अरविंद कुछ समय से बेरोजगार है। अरविंद के भाई पवन कुमार ने बताया, छोटे भाई का कोई आपराधिक इतिहास नहीं रहा है। उसे साजिश के तहत फंसाया जा रहा है।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments