पल-पल रोमांचक रहे मुकाबले में भाजपा के राजकुमार चाहर जीत तय, फतेहपुर सीकरी सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी रामनाथ सिकरवार से 42144 मतों की निर्णायक बढ़त

आगरा, 04 जून। फतेहपुर सीकरी सीट भारी कश्मकश के बीच भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में जानी तय हो गई है।  भाजपा के वर्तमान सांसद राजकुमार चाहर ने यहां 42144 मतों की निर्णायक बढ़त बना ली है। शाम छह बजे तक सभी 32 राउंड की मतगणना पूरी होने तक राजकुमार चाहर को 442158 मत मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस प्रत्याशी रामनाथ सिंह सिकरवार को 4,00,004 मत मिले।
सूचना विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, अभी केवल दो ईवीएम की गिनती बाकी है, इन ईवीएम में मतगणना के दौरान खराबी आ गई थी इसलिए इन मशीनों के मतों की गिनती वीवीपेट के माध्यम से की जा रही है। यह पूरी होने के बाद ही आधिकारिक रूप से परिणाम की घोषणा की जाएगी।
32 चक्रों के बाद बसपा के रामनिवास शर्मा को 1,20,055 और निर्दलीय प्रत्याशी रामेश्वर चौधरी को 48, 293 वोट मिले।
मंगलवार को खेरागढ़ मंडी समिति परिसर में हुई मतगणना में उतार-चढ़ाव के कई दौर आए। शुरुआती चक्रों में इंडी गठबंधन के कांग्रेस प्रत्याशी रामनाथ सिंह सिकरवार ने बढ़त बना ली थी। शुरू के आठ चक्रों तक उनकी बढ़त बनी रही। उसके बाद भाजपा के राजकुमार चाहर के पक्ष में वोट खुलने शुरू हुए। अगले चक्रों में उन्होंने बढ़त को कायम रखा।
हालांकि यह बढ़त पांच से पंद्रह हजार के बीच ही बनी रही। 21-22 चक्रों की गिनती तक उतार-चढ़ाव की खबरें प्रत्याशियों और उनके समर्थकों को धड़कनें बढ़ाती रहीं। 23वें चक्र की समाप्ति तक चाहर 19,953 मतों से आगे हो गए। 25वें चक्र की समाप्ति पर यह बढ़त 28,230 मतों तक पहुंच गई। 26वें चक्र में बढ़त में 424 मतों की कमी आई और लीड 27,806 मतों की रह गई। 27वें चक्र में राजकुमार ने आगे बढ़ते हुए 31,331 मतों की बढ़त बना ली। इसके बाद 28वें चक्र में यह बढ़त 36,156 ही गई।
________________________________________








ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments