मास्टर स्ट्रोक: हेमामालिनी के खिलाफ कांग्रेस प्रत्याशी विजेंदर सिंह भाजपा में शामिल

नई दिल्ली, 03 अप्रैल। भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस को एक और बड़ा झटका दे दिया है। मथुरा लोकसभा सीट से भाजपा सांसद हेमामालिनी को टक्कर देने जा रहे बॉक्सर विजेंदर सिंह अब भाजपा के पाले में आ गए हैं। बुधवार को उन्होंने भाजपा की सदस्यता ले ली। इसे पूरे प्रदेश में भाजपा का मास्टर स्ट्रोक माना जा रहा है। मथुरा संसदीय सीट को हमेशा हाईप्रोफाइल माना जाता रहा है। 
मथुरा से दो बार सांसद रहीं और सिने स्टार हेमामालिनी के ग्लैमर की काट करने के लिए कांग्रेस ने अंतर्राष्ट्रीय मुक्केबाज विजेंदर सिंह को चुनाव मैदान में उतारने का ऐलान किया था। चार दिन पहले विजेंदर सिंह को मथुरा लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी घोषित किया गया था। इसके पीछे जिले के जाट बाहुल्य मतदाताओं को आकर्षित करने की रणनीति थी। 
इंडी गठबंधन में मथुरा लोकसभा सीट कांग्रेस के खाते में आई है। यहां से लोकसभा चुनाव 2014 में हेमामालिनी ने रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी को करीब तीन लाख वोटों से हराया था। लोकसभा चुनाव 2019 में उन्होंने रालोद के ही कुंवर नरेंद्र सिंह को रिकॉर्ड वोटों से हराया था। वह भी तब जब मथुरा को रालोद का ही गढ़ माना जाता रहा है। जबकि, कभी बेहतर जनाधार वाली पार्टी रही कांग्रेस पिछले चुनावों में हाशिए पर चली गई।  विजेंदर सिंह के चुनाव मैदान में उतरने के बाद मुकाबला रोचक लग रहा था। लेकिन अब बाजी पलटती दिख रही है। 
देश की राजधानी दिल्ली में आयोजित हुए इस सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस अवसर पर बॉक्सर विजेंदर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के नेतृत्व में आज वह भाजपा में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक तरह से मेरी घर वापसी हो रही है। उन्होंने कहा कि मैंने पहले कांग्रेस पार्टी ज्वाइन कर ली थी लेकिन अब मेरी घर वापसी हो गई है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से देश- विदेश में खिलाड़ियों का मान-सम्मान बढ़ा है, वह काबिले तारीफ है।
_____________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments