फतेहपुरसीकरी रोड पर मिला लो डेंसिटी बम डिफ्यूज किया गया, पूरे क्षेत्र में बना रहा हड़कंप
आगरा, 19 मार्च। थाना जगदीशपुरा के अंतर्गत फतेहपुर सीकरी जाने वाली सड़क पर करीब 16 किमी दूर हिंदुस्तान पेट्रोलियम के पेट्रोल पंप के बराबर में खोखे के नीचे मिली संदिग्ध वस्तु लो डेन्सिटी वाला बम था। बम डिस्पोजल स्क्वायड (बीडीएस) की टीम ने करीब एक घंटे तक इसकी जांच की। टीम जांच के लिए इसे शहर से बाहर ले गई, फिर डिफ्यूज कर दिया।
पेट्रोल पंप के बराबर में बिरजू नाम के शख्स की एक पान मसाले की गुमटी है। बिरजू ने बताया, सोमवार को वह दुकान पर नहीं थे। उनकी 13 साल की बेटी सोनम बैठी थी। उसने देखा कि दुकान के नीचे एक संदिग्ध बॉक्स रखा है। इससे धुआं निकल रहा था। उसने अपने बड़े भाई जीवन को बॉक्स के बारे में बताया। इसके बाद दोनों ने किसी को इस बॉक्स के बारे में नहीं बताया। मंगलवार को करीब 11 बजे जब इस बॉक्स से दोबारा धुआं निकलते देखा। तब उन्होंने बिरजू को इस बॉक्स को बारे में बताया। इसके बाद पुलिस को 112 पर कॉल किया। बिरजू ने कहा कि उनकी दुकान के पास कुछ बम जैसी चीज है। सूचना पर करीब 12 बजे पुलिस मौके पर पहुंच गई।
सोनम ने बताया कि सोमवार को जब बॉक्स को देखा, तब धुआं निकल रहा था। उसमें घड़ी वाले सेल भी लगे थे। इनमें कुछ तार भी जुड़े थे। उस समय उसे कुछ समझ नहीं आया। उसको उठाकर दूसरी तरफ फेंक दिया। जब उसने फेंका तो धुआं निकलने लगा। इसके बाद वह दुकान के सामान्य कामकाज में लग गई।
सोनम के भाई जीवन ने बताया कि मंगलवार को उनके पिता दुकान पर आए। तब उन्होंने बाक्स के बारे में बता दिया। क्योंकि, उन्हें लगा कि ये कोई खतरनाक वस्तु भी हो सकती है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचने के बाद पहले पेट्रोल पंप को बंद कराया। इसके बाद इलाके को खाली कराया। फतेहपुर सीकरी रोड को दोनों तरफ से ब्लॉक करवा दिया। बम डिस्पोजल स्क्वायड (बीडीएस) की टीम जांच के लिए शहर से बाहर बॉक्स को ले गई, फिर डिफ्यूज कर दिया गया।
पुलिस मान रही है कि अगर यहां धमाका होता तो बड़ा हादसा होता। जिस जगह पर यह बॉक्स मिला। उसके नीचे पीएनजी गैस की लाइन है। यहां से करीब सौ मीटर दूरी पर पेट्रोल पंप है। पंप में करीब पंद्रह हजार लीटर पेट्रोल था। यही वजह है कि पुलिस ने पूरे एरिया को सील करने के बाद सबसे पहले पेट्रोल पंप को खाली कराया। पुलिस ने इस क्षेत्र को वायु विहार के निकट बताया, वहीं कुछ लोगों का कहना है कि यह स्थान विवेक विहार के निकट है।
डीसीपी सिटी सूरज राय ने बताया कि पुलिस को जगदीशपुरा क्षेत्र के वायु विहार में पेट्रोल पंप के पास बम होने की सूचना मिली। बताया गया कि खोखे के नीचे कोई संदिग्ध वस्तु है। बम की सूचना पर थाना जगदीशपुरा, थाना लोहामंडी एवं अन्य थाना क्षेत्रों का बल और एसीपी घटनास्थल पहुंच गए।
______________________________________
Post a Comment
0 Comments