अतुल गुप्ता के पुनः अध्यक्ष बनने की घोषणाभर शेष, कार्यकारिणी सदस्यों के दो पर्चों को छोड़ सभी पर्चे वैध, नेशनल चैंबर के चुनाव मैदान में 65 प्रत्याशी

आगरा, 01 मार्च। पूर्व अध्यक्ष अतुल गुप्ता के नेशनल चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स के पुनः अध्यक्ष बनने की घोषणा शेष रह गई है। चैंबर चुनावों के लिए शुक्रवार को हुई नामांकन पत्रों की जांच में उनका पर्चा सही पाया गया। उपाध्यक्ष के दो पदों और कोषाध्यक्ष के एक पद के लिए सभी नामांकन पत्र सही पाए गए, केवल कार्यकारिणी सदस्यों में दो नामांकन पत्रों को खारिज कर दिया गया। 
यह जानकारी चैंबर की चुनाव समिति के अध्यक्ष महेंद्र सिंघल ने दी। उन्होंने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए अतुल गुप्ता और वर्तमान अध्यक्ष राजेश गोयल का पर्चा सही पाया गया, लेकिन राजेश गोयल अपना नामांकन पत्र वापस ले चुके हैं। इस स्थिति में अकेले अतुल गुप्ता का नामांकन ही मान्य है। उपाध्यक्ष पद पर राजेंद्र गर्ग, संजय गोयल (आगरा स्टील), अंबा प्रसाद गर्ग, गोपाल खण्डेलवाल और मनोज गुप्ता ने नामांकन किया था। इनके भी पर्चे वैध पाए गए।
कोषाध्यक्ष पद पर सचिन सारस्वत और नीतेश अग्रवाल ने नामांकन किया था। दोनों के पर्चों को लेकर चैंबर सदस्यों में सुगबुगाहट थी। कुछ लोगों को एक प्रत्याशी तो कुछ अन्य लोगों को दूसरे प्रत्याशी के नामांकन पत्र को लेकर संशय था। अंदरखाने में लोग संविधानिक स्थितियां भी टटोलते रहे। सूत्रों का दावा है कि चुनाव समिति में भी दोनों प्रत्याशियों की स्थिति पर विचार हुआ, लेकिन बाद में चुनाव समिति ने लचीला रुख अपनाते हुए दोनों के पर्चों को मान्य कर दिया।
कार्यकारिणी सदस्यों के 12 ग्रुपों में कुल साठ नामांकन पत्र दाखिल हुए थे। इनमें से ग्रुप चार में नारायण भरणी और ग्रुप पांच में मुकेश कुमार गुप्ता के पर्चे अपूर्ण मानते हुए रद्द कर दिए गए। सभी ग्रुपों के मिलाकर कुल 58 प्रत्याशी मैदान में हैं। 
ग्रुप एक और दो से तीन-तीन प्रत्याशी चुने जाने हैं, लेकिन दोनों के पांच-पांच प्रत्याशी मैदान में हैं। ग्रुप तीन से दो प्रत्याशी चुने जाने हैं, लेकिन पांच प्रत्याशी मैदान में हैं। ग्रुप चार से पांच प्रत्याशी चुने जाने हैं, लेकिन नौ प्रत्याशी मैदान में हैं। ग्रुप पांच से दो प्रत्याशी चुने जाने हैं, लेकिन छह प्रत्याशी मैदान में हैं।
ग्रुप छह से पांच प्रत्याशी चुने जाने हैं, लेकिन 11 प्रत्याशी मैदान में हैं। ग्रुप सात से दो प्रत्याशी चुने जाने हैं, लेकिन चार प्रत्याशी मैदान में हैं। ग्रुप आठ से भी एक प्रत्याशी चुना जाना है, लेकिन तीन प्रत्याशी मैदान में हैं। ग्रुप नौ से दो प्रत्याशी चुने जाने हैं, लेकिन पांच प्रत्याशी मैदान में हैं। ग्रुप दस से भी एक प्रत्याशी चुना जाना है, लेकिन चार प्रत्याशी मैदान में हैं। ग्रुप 11 से भी एक प्रत्याशी चुना जाना है, लेकिन दो प्रत्याशी मैदान में हैं। ग्रुप 12 से भी एक प्रत्याशी चुना जाना हैं, लेकिन तीन प्रत्याशी मैदान में हैं। 
चैंबर चुनावों के लिए मतदान 14 मार्च को प्रस्तावित है। इससे पहले नौ मार्च की तिथि नाम वापसी के लिए रखी गई है। नामांकन पत्रों की जांच पूरी होने के बाद अब सभी प्रत्याशी आपसी जोड़-तोड़ और गुणा-भाग लगाने में जुट गए हैं।
______________________________________








ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments