जिन घरों में भगवा झंडा उन्हीं की कारों को क्यों जलाया, यह साजिश तो नहीं? पीड़ितों ने उठाए कई सवाल
आगरा, 24 फरवरी। शाहगंज की मुरली विहार कालोनी में घर के बाहर खड़ी कारों में आग लगने वाले जुबैर नामक आरोपी को लेकर पीड़ित कालोनी वासियों ने कुछ अहम सवाल खड़े किए हैं।
उन्होंने जानना चाहा है कि आरोपी जुबैर यदि सिरफिरा है तो उसने उन्हीं घरों के सामने खड़ी कारों में आग क्यों लगाई? जहां श्रीराम के झंडे लगे थे। उसने 22 फरवरी का दिन ही क्यों चुना? जिन घरों पर झंडे नहीं थे, उनके बाहर खड़े वाहनों को आग क्यों नहीं लगाई। इसी कालोनी में एक घर के बाहर खड़ी कार में आग नहीं लगाई। उस घर पर झंडा नहीं लगा था। रेलवे लाइन किनारे खोखे के सामने भी कई खोखे थे, लेकिन आरोपित जुबैर ने सिर्फ वही खोखा क्यों जलाया जिस पर श्रीराम का झंडा लगा था? मुरली विहार कालोनी कई एकड़ में फैली है, सीसीटीवी फुटेज के अनुसार आरोपी ने कई जगह एक मिनट से भी कम अंतराल में कारों में आग लगाई। जबकि उनके बीच की दूरी कई सौ मीटर थी, यह कैसे संभव है? क्या आरोपी के साथ और लोग भी शामिल थे?
आरोपी ने पकड़े जाने के बाद कई बार अपना बयान बदला। अपना नाम गलत बताया था। यदि वह सिरफिरा है तो बार-बार अपना बयान क्यों बदल रहा है?
गौरतलब है कि मुरली विहार में बृहस्पतिवार देर रात पानीपत के 55 वर्षीय जुबैर ने आगजनी कर दहशत फैला दी थी। उसने एक के बाद एक नौ कारों में आग लगा दी। झोपड़ी और खोखा भी फूंक दिया। दो बगीचों की जाली, लकड़ी और भूसे की टाल तक को जला डाला। लपटें उठने पर लोग घरों से बाहर आ गए। आरोपी की तलाश की। पुलिस भी पहुंच गई। बाद में आरोपी को पकड़ लिया गया।
इस बीच पुलिस ने जुबैर का इतिहास खंगाला। संबंधित थानों से जानकारी की। आरोपी का कोई आपराधिक इतिहास नहीं मिला। परिवार में पत्नी दो बच्चे और चार नाती-पोते हैं। पत्नी ने बताया कि गुरुवार शाम घर से आगरा अपने मित्र के पास जाने को निकला था। यहां बापू नगर खंदारी में रहने वाले मित्र अब्दुल रऊफ से मिला। पुलिस ने उसके मित्र को बुलाकर पूछताछ की। अब्दुल ने बताया कि जुबैर ने टीपी नगर में ठेके से शराब पी थी। पुलिस उसे ठेके पर लेकर गई, वहां के फुटेज देखने पर इसकी पुष्टि हुई।
प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री और स्थानीय विधायक योगेंद्र उपाध्याय ने शनिवार सुबह मुरली विहार कालोनी में जाकर लोगों से मुलाकात की। गुरुवार रात को भगवा झंडे लगे घरों के सामने खड़ी कारों में आग लगाने की घटना की पीड़ितों से जानकारी की।
__________________________________
Post a Comment
0 Comments