हाथरस में रामकथा कह रहे जगद्गुरु रामभद्राचार्य की अचानक तबीयत बिगड़ी, आगरा में भर्ती कराया गया, दिल्ली ले जाने की चर्चा

आगरा, 02 फरवरी। पड़ोसी जनपद हाथरस में रामकथा कह रहे तुलसी पीठाधीश्वर जगदगुरु रामभद्राचार्य महाराज की शुक्रवार सुबह तबीयत बिगड़ गई। सीने में दर्द की शिकायत पर उनको आगरा के पुष्पांजलि  हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। यहां उनका इलाज चल रहा है। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी ने रामभद्राचार्य के उत्तराधिकारी को फोन करके उनका हालचाल जाना। जगदगुरु की तबीयत बिगड़ने की खबर सुनकर बड़ी संख्या में उनके अनुयायी हॉस्पिटल पहुंच रहे हैं।
यहां दिल्ली गेट स्थित पुष्पांजलि हॉस्पिटल के मेडिकल ऑफिसर डॉ. राकेश शर्मा ने बताया कि सीने में दर्द की शिकायत पर उनको यहां लाया गया। उनकी जांच की जा रही है। डॉ. नवनीत शर्मा उनका ट्रीटमेंट कर रहे हैं। कुछ जांच हो चुकी हैं। कुछ जांच की रिपोर्ट आनी बाकी है। शुरुआती जांच में चेस्ट में इंफेक्शन की बात सामने आई है।
सूत्रों के मुताबिक, रामभद्राचार्य महाराज की चार साल पहले बाईपास सर्जरी हो चुकी है। ऐसे में डॉक्टर हर तरह की जांच कर रहे हैं। रामभद्राचार्य महाराज को एयर एंबुलेंस से दिल्ली शिफ्ट करने की बात भी चल रही है। हालांकि, किसी ने इसकी पुष्टि नहीं की। लेकिन, बताया जा रहा है कि बेहतर ट्रीटमेंट के लिए उनको दिल्ली ले जाया जा सकता है।
रामभद्राचार्य महाराज की हाथरस के गांव लाढ़पुर में राम कथा चल रही है। विगत 25 जनवरी से शुरू हुई इस कथा का शुक्रवार को आखिरी दिन है। हालांकि, अब वह रामकथा में शमिल नहीं होंगे। 
____________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments