Sorrow: मृतकों के परिजन गहरे शोक में, हर आंख नम, एक साथ उठी दादी-नाती की अर्थी
आगरा, 03 दिसम्बर। सिकंदरा क्षेत्र में हाईवे पर गुरुद्वारा गुरु के ताल के पास शनिवार को हुए सड़क हादसे में मारे गए छह लोगों के शवों के रात में पोस्टमार्टम कर दिए गए। मरने वालों में साठ वर्षीया दादी और नौ वर्षीय उनका नाती भी शामिल था। आज रविवार को आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर-5 से जैसे ही दादी-नाती की अर्थियां एक साथ उठीं, हर आंख नम हो गईं। दादी और नाती का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया।
बताया गया है कि हादसे के वक्त नौ साल का अथर्व अपनी दादी रेखा की गोद में बैठा था। मृत बच्चे अथर्व के पिता योगेंद्र शर्मा फाइनेंस कंपनी में काम करते हैं। पत्नी कुमकुम शर्मा घर संभाली हैं। दोनों का रो-रोकर बुरा हाल है। योगेंद्र ने कहा, अथर्व उनकी मां रेखा शर्मा का लाड़ला था। वह दादी मां के साथ ही रहता था। अपनी हर जिद उनसे मनवा लेता था। पिकनिक पर जाना हो या कोई खिलौना चाहिए हो, हर इच्छा मां से पूरी करवाता था। अभी हमारा नया घर रामबाग में बन रहा है। इसलिए वहीं के स्कूल में अथर्व का एडमिशन करा दिया था। सोचा था कि जल्द ही वहां शिफ्ट होना है। ऐसे में अथर्व की भी आदत पड़ जाएगी। योगेंद्र ने शनिवार की सुबह अथर्व को स्कूल छोड़ा था। दोपहर में दादी मां अथर्व को लेने गई थी, तभी हादसा हो गया।
कॉलोनी में रहने वाले अथर्व के दोस्त वंश और अंश परेशान हैं। शनिवार रात को दोनों को अथर्व की मौत के बारे में पता चला तो सदमे में चले गए। वंश ने बताया कि रोज वे साइकिल चलाते थे। अथर्व स्केटिंग भी करता था और बहुत मस्ती करता था।
हादसे में फिरोजाबाद के नारखी के रहने वाले 22 साल के प्रेम किशोर की भी मौत हुई। वह न्यू आगरा में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। पिता संतोष शर्मा ने कहा कि बेटे को अधिकारी बनाना चाहते थे। सब सपने बिखर गए। हादसे के बाद प्रेम की पहचान उसकी जेब में रखे संकल्प स्मार्ट लाइब्रेरी की पर्ची से हुई। प्रेम ने दो दिन पहले दिल्ली पुलिस की परीक्षा भी दी थी। ऑटो से प्रेम सिकंदरा पर अपने दोस्त को कुछ पेपर देने जा रहा था।
ऑटो चालक बच्चू सिंह किराए पर ऑटो चलाते थे। पत्नी राधा घरों में काम करती हैं। तीन बेटियां हैं, तीनों की पढ़ाई और शादियों के लिए पति-पत्नी मेहनत करते थे। पत्नी राधा ने बताया कि रोज की तरह वे घर से ऑटो लेकर निकले थे। मगर दोपहर के समय एक्सीडेंट की सूचना मिली।
ताजगंज के ताल सैमरी के रहने वाली सुनील बहन से मिलने उसकी ससुराल सींगना जा रहे थे। सुनील कुछ दिनों से बीमार थे। उनका इलाज भी चल रहा था। घरवालों ने बताया कि वे ताजगंज से घर से निकलकर भगवान टॉकीज पहुंचे और वहां से ऑटो से सींगना जा रहे थे। तभी हादसा हो गया।
एक्सीडेंट में जान गंवाने वाली बाईंपुर की मोनिका वर्मा का दो साल के बेटा है। मोनिका के पति रविंद्र वर्मा की कैलाश मोड़ पर मिठाई की दुकान है। वे पत्नी को गुरुद्वारा गुरु का ताल पर लेने आने वाले थे। मोनिका की ट्रांसपोर्ट नगर के पास ही पति से बात हुई थी। उन्होंने कहा था कि मैं यहां पहुंच गई हूं, तुम गुरुद्वारा के पास पहुंच जाओ। पति रविंद्र गुरुद्वारा गुरु का ताल पर पहुंच गए, मगर तभी उन्हें हादसे की जानकारी मिली। मोनिका सेंट एंडूज स्कूल की पीलीपोखर ब्रांच में ड्राइंग की टीचर थी।
हादसे में मृतकों के शव का पोस्टमार्टम पुलिस प्रशासन ने ही रात में ही करवाया। जिला अस्पताल के चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई गई। पुलिस ने शाम सात बजे शवों के पोस्टमार्टम गृह में पहुंचने के बाद ही परिजन को सूचित करके प्रक्रिया शुरू करवाई। हादसे में कई शव क्षत-विक्षत हो गए थे। पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजन के सुपुर्द कर दिया गया।
_______________________________
Post a Comment
0 Comments