15 फरवरी तक यमुना एक्सप्रेस वे पर वाहनों की गति सीमा घटाई गई
आगरा, 06 दिसंबर। शीत ऋतु में कोहरे और धुंध से हादसों की आशंका को देखते हुए यमुना एक्सप्रेस-वे पर गति सीमा निर्धारित कर दी गई है। गति सीमा के दिशा-निर्देश 15 फरवरी तक प्रभावी रहेंगे। इसके अंतर्गत हल्के वाहन 75 और भारी 60 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से दौड़ सकेंगे। निर्धारित गति से अधिक रफ्तार में दौड़ने वाले वाहनों का चालान कर जुर्माना वसूला जाएगा।
यमुना एक्सप्रेस-वे पर हर वर्ष ठंड में कोहरे और धुंध के चलते हादसों की आशंका बढ़ जाती है। अधिकांश हादसों का कारण तेज रफ्तार होता है। कोहरे से दृश्यता शून्य होने के कारण आगे जाने वाले वाहन को चालक देख नहीं पाते, दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं। हादसाें पर अंकुश और वाहन चालकों को सतर्क करने के लिए यमुना प्राधिकरण के निर्देश पर एक्सप्रेस-वे का संचालन करने वाली कंपनी ने जगह-जगह साइनेज बोर्ड लगाए हैं। इनमें माैसम की जानकारी के साथ ही हल्के और भारी वाहनों की गति सीमा लिखी है। इसके साथ ही टोल प्लाजा पर वाहन चालकों को पब्लिक एड्रेस सिस्टम द्वारा जागरूक किया जा रहा है।
सर्वोच्च न्यायालय की सड़क सुरक्षा समिति के निर्देश पर आईआईटी दिल्ली से यमुना एक्सप्रेस-वे का सुरक्षा आडिट कराया गया था। आईआईटी ने हादसों को रोकने के लिए कुछ सुझाव दिए थे। इसमें एक्सप्रेस-वे पर दोनों सड़कों के बीच क्रैश बीम बैरियर लगाने का सुझाव प्रमुख था। इस पर अमल करते हुए आगरा से ग्रेटर नोएडा तक क्रैश बीम बैरियर लगाए जा चुके हैं।
_______________________________
Post a Comment
0 Comments