आगरा के मनोज शर्मा महासचिव, बनारस के आनंद प्रकाश पांडेय चेयरमैन बने, ऑल इण्डिया फेडरेशन ऑफ टैक्स प्रेक्टिक्शनर्स नॉर्थ जोन के चुनाव सम्पन्न
आगरा, 06 नवंबर। ऑल इण्डिया फेडरेशन ऑफ़ टैक्स प्रैक्टिशनर्स की नॉर्थ जोन की कार्यसमिति के चुनाव सोमवार को बनारस स्थित होटल कोस्टा रिवाएरा में संपन्न हुए। इस बैठक में सर्वसम्मति से एडवोकेट आनंद प्रकाश पांडेय को जोनल चेयरमैन तथा एडवोकेट मनोज शर्मा को जोनल महासचिव चुना गया।
आल इण्डिया फेडरेशन ऑफ़ टैक्स प्रेक्टिशनर्स भारतवर्ष में कर सलाहकारों की सबसे बड़ी संस्था है, जो पांच जोनों में बंटी हुई है। उत्तर भारत का क्षेत्र संस्था के लिए महत्वपूर्ण है, जिसमें उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, जम्मू कश्मीर, लेह लद्दाख, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश आदि राज्य शामिल हैं। निर्वाचन अधिकारी कोलकाता से आए एडवोकेट विवेक अग्रवाल ने चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई। कार्यकारिणी के 31 पदों के लिए निर्वाचन हुआ। सर्वसम्मति से चयनित महासचिव मनोज शर्मा आगरा के प्रमुख कर अधिवक्ता हैं तथा अध्यक्ष आनंद प्रकाश पांडेय बनारस में कर अधिवक्ता के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
कार्यकारिणी सदस्य के रूप में आगरा के कर अधिवक्ता अनिल आदर्श जैन तथा भुवनेंद्र वार्ष्णेय भी निर्वाचित हुए। निवर्तमान चेयरमैन एडवोकेट ओ पी शुक्ला ने नई कार्यकारिणी का स्वागत किया। सचिव पुनीत कुमार सिंह ने आभार व्यक्त किया। इससे पूर्व संस्था का 47 वां स्थापना दिवस काशी विश्वनाथ कोरिडोर के त्रम्यकेश्वर भवन में आयोजित किया गया था।
____________________
Post a Comment
0 Comments