आगरा में दो पत्नियों ने एक ही पति के लिए रखा करवा चौथ का व्रत और साथ की पूजा
ट्रांस यमुना के अंतर्गत नगला बिहारी में रहने वाले रामबाबू ने दो महीने पहले दूसरी शादी की थी। घरवालों की मर्जी के खिलाफ उन्होंने शादी की। लेकिन पहली पत्नी ने पति की दूसरी बीवी को सौतन न मानते हुए बहन मान लिया, अब दोनों साथ रह रही हैं।
रामबाबू का प्रिंटिंग का काम है। उसकी पहली शादी वर्ष 2015 में तहसील फतेहाबाद निवासी सिया से हुई थी। उससे दो बच्चे भी हैं। शादी के सात साल तक सब ठीक चला। इसके बाद रामबाबू ने अपने यहां दुर्गा नगर निवासी आस्था को काम पर रखा। आस्था दो साल से रामबाबू के यहां कंप्यूटर ऑपरेटर का काम कर रही थी। कुछ दिन बाद ही दोनों एक-दूसरे को पसंद करने लगे। एक साल पहले उन्होंने साथ रहने का निर्णय किया। रामबाबू पहली पत्नी और बच्चों को भी नहीं छोड़ना चाहता था। ऐसे में उसने अपनी पत्नी सिया देवी से बात करने का निर्णय लिया। लेकिन इसकी जानकारी होते ही सिया नाराज हो गई। कुछ दिनों के लिए आपस में बोलचाल बंद हो गई।
मगर रामबाबू और आस्था के बीच कोई दूरी नहीं आई। रामबाबू सिया और आस्था दोनों के साथ रहना चाहता था।
रामबाबू की दूसरी पत्नी आस्था ने बताया, "मैंने अपने घर पर रामबाबू के साथ शादी करने की बात कही। इस पर घर वाले नाराज हो गए। विवाद भी हुआ। घरवालों ने रामबाबू के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया। मगर, मैं बालिग थी तो कोर्ट और पुलिस के सामने रामबाबू के पक्ष में बयान दे दिया। हम दोनों एक-दूसरे से अलग नहीं रहना चाहते थे।"
आस्था ने बताया, "वे दोनों शादी करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे। इसी बीच उन्होंने समाचार में देखा कि पाकिस्तान की रहने वाली सीमा हैदर गाजियाबाद के युवक सचिन के लिए अपने पति को छोड़कर भारत आ गई है। दोनों एक-दूसरे के साथ रह रहे हैं। सीमा हैदर को देखकर मेरे मन में भी हिम्मत आई।"
आस्था और रामबाबू ने दो महीने पहले 14 सितंबर को कोर्ट मैरिज कर ली। कोर्ट मैरिज करने के बाद रामबाबू ने पहली पत्नी सिया को बताया और उसे समझाया। सिया कहती है, "मैंने कहा कि जब कोर्ट मैरिज कर ली है तो फिर अलग रहने से क्या फायदा? ऐसे में उन्होंने ही आस्था के साथ एक घर में रहने के लिए सहमति दे दी।" आस्था घर आ गई। सिया ने आस्था को सौतन नहीं बल्कि बहन के रूप में अपनाया। दोनों मिलजुल कर रहती हैं। घर का सारा काम बांट कर करती हैं।
सिया ने बताया कि आस्था का पहला करवा चौथ था। ऐसे में उसने उसे व्रत के बारे में बताया। व्रत की तैयारी और सजने-संवरने में उसकी मदद की। दोनों बहुत खुश थीं। रात को एक साथ दोनों ने चांद को देखकर पति की आरती उतारी और व्रत खोला। उनका कहना है कि लोगों से उनको कोई फर्क नहीं पड़ता। दोनों ने एक साथ पति के साथ वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए।
आस्था ने बताया कि उनकी रील देखकर दिल्ली के एक यूट्यूब ने उन्हें साथ वीडियो बनाने के लिए आफर दिया। उन्होंने तीन लाख रुपये देने की पेशकश की थी, लेकिन उन्होंने पेशकश को ठुकरा दिया। वह खुद की ही वीडियो बनाती हैं।
______________________
Post a Comment
0 Comments