व्यापारियों की गुहार पर शाहगंज बाजार में सुबह दस बजे तक नो एंट्री नहीं

आगरा, 06 नवंबर। व्यापारियों की गुहार पर ट्रैफिक पुलिस ने शाहगंज बाजार में सुबह दस बजे तक नो एंट्री नहीं रखने का फैसला किया है। सुबह दस बजे तक व्यापारी अपने माल को लाने, ले जाने का काम कर सकेंगे। यह दावा भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ के महानगर संयोजक सुशील नोतनानी ने किया है। 
उनका कहना है कि मंगलवार से लागू होने जा रही नई ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर व्यापारी चिंतित थे। नई व्यवस्था में तीन और चार पहिया वाहनों को पूरी तरह से प्रतिबंधित किया जा रहा था। व्यापारियों की चिंता थी कि ऐसे में बाजारों में माल की सप्लाई कैसे मिलेगी। व्यापार के लिए अपने प्रतिष्ठान्नों तक वे माल कैसे ला सकेंगे?
सुशील नोतनानी ने कहा कि पुलिस अफसरों को बताया गया कि पिछली बार सुबह दस बजे तक व्यापारियों और डिस्ट्रीब्यूटर्स को माल आवाजाही की छूट प्रदान की गई थी। इस मांग को इस बार भी मान लिया गया है।
गौरतलब है कि शाहगंज के बारहखंभा रेलवे फाटक, रूई की मंडी, तहसील सदर, भोगीपुरा, शाहगंज, पंचकुइयां, स्पीड कलर लैब सोरों कटरा, सीओडी तिराहा, पृथ्वीनाथ फाटक आदि क्षेत्रों के लिए नई ट्रैफिक व्यवस्था की घोषणा की गई है। यह व्यवस्था 14 नवंबर तक लागू रहेगी। इसके लिए 18 हेड कांस्टेबलों, 36 होमगार्डों की ड्यूटी लगाई है। दो टीएसआई पर सभी चौराहे और तिराहे की जिम्मेदारी रहेगी। हेड कांस्टेबल और होमगार्ड दो शिफ्ट में डयूटी करेंगे। एक शिफ्ट में एक-एक हेड कांस्टेबल और दो-दो होमगार्ड रहेंगे। व्यवस्था के अनुसार बाहर खंभा रेलवे फाटक से चार पहिया, तीन पहिया वाहन रूई की मंडी चौराहा की ओर नहीं जाएगा। रूई की मंडी चौराहे पर यातायात व्यवस्था का संचालन किया जाएगा। तहसील चौराहे से कोई भी चार-तीन पहिया वाहन रूई की मंडी की तरह नहीं जाएगा। सभी वाहन पंचकुइयां से कोठी मीना बाजार होकर जाएंगे।
_______________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments