आगरा के वरिष्ठ रंगकर्मी और अधिवक्ता विनय पतसरिया का देहरादून में निधन
आगरा, 17 अक्टूबर। शहर के वरिष्ठ रंगकर्मी और अधिवक्ता विनय पतसरिया का मंगलवार की सुबह उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में निधन हो गया। उन्होंने वहां स्थित एक अस्पताल में अंतिम सांस ली। करीबी लोगों ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार हरिद्वार में होगा। पतसरिया के निधन से शहर में शोक की लहर है।
पतसरिया लम्बे समय से बीमार थे। करीब डेढ़ माह से वे अधिक अस्वस्थ थे। कुछ समय दिल्ली एम्स में उनका उपचार चला। इसके बाद परिवारीजन उन्हें देहरादून ले गए, जहां उनका उपचार चल रहा था।
हृदय रोगी पतसरिया की पूर्व में बाईपास सर्जरी भी हो चुकी थी। पिछले कुछ दिनों से वह कोमा में थे। विनय पतसरिया के परिवार में पत्नी डा. रेखा पतसरिया और दो बेटियां हैं। डा. रेखा पतसरिया आगरा कालेज की प्राचार्य रही हैं। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है।
विनय पतसरिया आगरा बार एसोसियेशन के सचिव भी रह चुके थे। वे किसी पहचान के मोहताज नहीं थे। शहर के तमाम समाजसेवा के कार्यों में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेने वाले विनय पतसरिया लोगों के चहेते थे। उन्होंने शहर के कई बड़े-छोटे आयोजनों में न केवल भाग लिया, बल्कि आयोजन को सफल बनाने में भी अपनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई। उन्होंने शारदा ग्रुप ऑफ एजूकेशन में भी अपनी सेवाएं दी थीं।
_______________________________
Post a Comment
0 Comments