लारेंस विश्नोई की रील देख कर आया ऐसा दुस्साहस

- शिक्षक के पैर में गोली मारने के साथ 39 गोलियां और मारने की धमकी देने वाले दोनों किशोर गिरफ्तार 
आगरा, 06 अक्टूबर (वार्ता)। थाना खंदौली क्षेत्र में गुरुवार की शाम कोचिंग सेंटर में घुसकर शिक्षक को गोली मारने वाले तथा 39 और गोलियां मारने की धमकी देने वाले दोनों किशोरों को पुलिस ने आज गिरफ्तार कर लिया। 
किशोरों ने वारदात को अंजाम देते समय रील भी बनाई और कहा कि तेरी टांग छलनी करनी है, 40 गोलियां मारूंगा, अभी 39 बाकी हैं। छह महीने बाद आऊंगा और दोबारा गोली मारूंगा। रील में किशोरों का दुस्साहस देख पुलिस समेत अन्य लोग हैरत में थे कि आखिर किशोरों में यह दुस्साहस कहां से आया? दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने पर शुक्रवार को पुलिस का इसका जवाब मिल गया। 
किशोरों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने गैंगस्टर लारेंस विश्नोई की यू-ट्यूब पर कई रील देखी थीं। इसे देखकर वह प्रभावित हो गए। शिक्षक को गोली मारने के बाद उसी अंदाज में रील बनाकर दहशत फैलाना चाहते थे।
एक आरोपी किशोर के पिता आटो चालक हैं। दूसरे के पिता मजदूरी करते हैं। मामला पुलिस तक पहुंचने की जानकारी होने पर दोनों किशोर गायब हो गए थे। शिक्षक ने किशोरों के विरुद्ध हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कराया था। डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने बताया कि आरोपियों के गिरफ्तार कर लिया गया है।
शिक्षक को गोली मारने के बाद रील बनाकर फिल्म के डायलाग बोलने वाले अंदाज में एक बोला- मुझे गैंगस्टर फैजल कहते हैं। दूसरा बोला...मुझे चाना गैंगस्टर। फिर पहले वाला कहता है कि तेरी (शिक्षक की) टांग छलनी करनी हैं। 40 गोली मारनी हैं...अभी 39 बची हैं।
मामले के पीछे शिक्षक के भाई से विवाद बताया गया है। ग्राम मलूपुर के रहने वाले सुमित सिंह खंदौली कस्बे में कोचिंग चलाते हैं। सुमित सिंह ने पुलिस को बताया कि गोली मारने वाले किशोरों की उनके भाई योगेंद्र से दोस्ती थी। मोबाइल फोन को लेकर आपस में विवाद हो गया। दोनों ने कोचिंग में आकर योगेंद्र के बारे में पूछा था। इस बीच उनको गोली मार दी। सुमित ने बताया कि दोनों आरोपी उनके यहां दो साल पहले पढ़ चुके हैं। - इति 

____________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments