नारायण टावर में होंगे तुलसी-सालिगराम के फेरे, सीताजी एचआईजी फ्लैट्स कालोनी में करेंगी गौरा पूजन
आगरा, 07 अक्टूबर। जनकपुरी के कुछ कार्यक्रम स्थलों में बदलाव कर दिया गया है। 11 अक्टूबर की सुबह राम बारात की अगवानी के बाद दोपहर में नारायण टावर परिसर में राम-सीता विवाह के प्रतीक स्वरूप तुलसी- सालिगराम के फेरों की रस्म पूरी होगी। शुरुआती दिनों में यह रस्म संजय प्लेस के सामने एचआईजी फ्लैट्स कालोनी में होनी थी।
होटल पीएल पैलेस में शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में राजा जनक पीएल शर्मा ने 8-14 अक्टूबर तक के कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि होटल पीएल पैलेस को राम बारात के जनमासे का रूप दिया जायेगा। दस अक्टूबर की शाम को यहां से सीताजी के डोले की शुरुआत होगी और जनकपुरी भ्रमण करते हुए सीताजी संजय प्लेस के सामने एचआईजी फ्लैट्स कालोनी में स्थित मंदिर में गौरा पूजन को जाएंगी। नौ अक्टूबर को गणेश जी की शोभायात्रा व राजा जनक की आमंत्रण यात्रा भी होटल पीएल पैलेस से शुरू होकर जनकपुरी में भ्रमण करेगी।
संजय प्लेस राममयी हो रहा है। दिन भर गूंजती रामायण की चौपाईयां, दोहे और भजन। जगह-जगह श्रीराम बारात के स्वागत को सजती झांकियां और तोरण द्वार सहित आकर्षक 30 द्वार और 25 झांकियों से मिथला नगरी हर रोज भव्य रूप ले रही है। कहीं श्रीजनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति द्वारा सजावट कराई जा रही है तो कहीं प्रतिष्ठानों द्वारा निजी तौर पर सजाया जा रहा है।
जनकपुरी में आजाद पेट्रोल पम्प के पास हवा महल, बैंक ऑफ बड़ौदा पार्किंग में एफिल टॉवर, आनन्द वृन्दावन में समुद्र मंथन, मैक्स पार्किंग में लोटस टेम्पल, स्काई टॉवर की पार्कंग में चंद्रयान थ्री, अवध वैंकट हॉल में शीश महल जहां बांके बिहारी की झांकी होगी। संजय टॉकीज वाली में अशोक वाटिका, बालाजी जूस वाली पार्किंग में भोले बाबा और हनुमान जी, स्पीड कलर लैब पर देव लोक, विकास भवन के सामने खाटू श्याम जी, कम्प्यूटर मार्केट में पंचमुखी हनुमान जी, राम दरवार, मेहंदी पुर बालाजी आदि झांकी होंगी। पूरे जनकपुरी में 10 एलईडी स्क्रीन लगेंगी, जिससे श्रद्धालू हर जगह श्रीराम-जानकी के दर्शन कर सकेंगे। सामाजिक संगठनों को निशुल्क स्टॉल दी जा रही हैं, जिसमें हेल्प आगरा, ब्रह्मकुमारी, गायत्री परिवार, इस्कॉन, नगर निगम की गोशाला आदि की स्टॉल प्रमुख होंगी। शू मार्केट में झूले व विभिन्न पार्कों में खाने की स्टॉलें होंगी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए आयोजन समिति के सदस्यों के अलावा एनएसएस व नारी सुरक्षा संगठन के सदस्य भी सहयोग करेंगे।
प्रेस वार्ता में अध्यक्ष मुरारीप्रसाद अग्रवाल, वरिष्ठ महामंत्री अनिल वर्मा, स्वागताध्यक्ष बृजमोहन तापड़िया, हीरेन मित्तल, अनिल अग्रवाल, राजू अग्रवाल, विनय मित्तल, केएन अग्निहोत्री, अशोक अरोरा, बृजेन्द्र सिंह बघेल, अम्बा प्रसाद गर्ग, मोहित अग्रवाल, गजेन्द्र शर्मा, चतुर्भुज तिवारी, अनिल रावत, मनीष बंसल, हरिओम, आरएस सेंगर आदि उपस्थित थे।
आगरा। अग्रवाल युवा संगठन की टोली श्रीरामसिया के विवाह का शहरवासियों को निमंत्रण देने निकली। बाइक रैली के रूप में आमंत्रण यात्रा का शुभारम्भ राजा जनक पीएल शर्मा ने भगवा झंडी दिखाकर लायर्स कालोनी स्थित अपने आवास से किया। लायर्स कालोनी से प्रारम्भ होकर आमंत्रण यात्रा ने दयालबाग, कमला नगर, बल्केश्वर, विजय नगर कालोनी, गांधी नगर, नेहरू नगर में भ्रमण करते हुए संजय प्लेस स्थित मंदिर पर विश्राम लिया।
8 अक्टूबर को हल्दी-मेहंदी कार्यक्रम
आगरा। जनकपुरी महोत्सव में आठ अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से महिला मण्डल श्रीजनकपुरी महोत्सव समिति द्वारा सीता जी को हल्दी व मेहंदी लगाने का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जनकदुलारी के विवाह के लिए मंगल गीत गाए जाएंगे। कार्यक्रम होटल पीएल पैलेस पार्किंग, संजय प्लेस पर होगा।
____________________
Post a Comment
0 Comments