जनकपुरी: शू मार्केट ब्लॉक में अलग मंच पर तीन दिन होंगी भजन संध्या
आगरा, 01 अक्टूबर। जनकपुरी महोत्सव समिति ने आज महोत्सव के दौरान होने वाली भजन संध्याओं की जानकारी दी। 11, 12 और 13 अक्टूबर तीनों दिन अलग अलग कलाकारों द्वारा भजन प्रस्तुत किए जायेंगे। इन भजन संध्याओ के लिए एक अलग मंच बनाया जायेगा।
वरिष्ठ महामंत्री अनिल वर्मा ने बताया कि जनक महल के अलावा टोरंट पावर कार्यालय के निकट शू मार्केट ब्लॉक में चालीस फीट लम्बा मंच बनाया जायेगा। यहां एक हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था रहेगी। उन्होंने बताया कि सभी उपाध्यक्षों को अलग अलग जिम्मेदारी दी गई है। पूरे संजय प्लेस में विकास कार्य कराए जा रहे हैं। कार्यक्रम पूर्ण होने के बाद भी विकास कार्य होंगे।
भजन संध्याओ के प्रभारी रंजीत सामा ने बताया कि 11 अक्टूबर को इस मंच पर अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त गायक मुंबई के विपिन सचदेवा अपनी प्रस्तुतियां देंगे। 12 को जयपुर से मंडली विभिन्न झांकियां और नृत्य प्रस्तुत करेंगी। इसी के बीच डा आशीष त्रिपाठी, ललिता करमचंदानी और श्रेया शर्मा भजन प्रस्तुत करेंगे। 13 अक्टूबर को चंचल उपाध्याय और सुजाता शर्मा अपनी प्रस्तुतियां देंगे। सभी भजन प्रभु श्रीराम के ऊपर ही होंगे।
राजा जनक पीएल शर्मा ने बताया कि सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस बार की भव्यता दर्शनीय होगी। उपाध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने भी विकास कार्यों की जानकारी दी। मीडिया प्रभारी गजेंद्र शर्मा भी इस दौरान मंचासीन रहे। इस दौरान भजन संध्या के पोस्टर का विमोचन भी किया गया।
----------------
Post a Comment
0 Comments