सबसे अनूठी होगी संजय प्लेस की जनकपुरी
आगरा, 28 अगस्त। संजय प्लेस में सजने जा रही जनकपुरी के लिए सोमवार को जनकपुरी कार्यालय का हवन-पूजन के साथ विधिवत उदघाटन किया गया। राष्ट्रीय संत अरविंद महाराज ने नारियल फोड़ कर कार्यालय की शुरुआत कराई। इस अवसर पर जनकपुरी महोत्सव समिति के पदाधिकारियों ने दावा किया कि इस बार की जनकपुरी सबसे अनूठी होगी।
उदघाटन समारोह को सम्बोधित करते हुए संत अरविंद महाराज ने कहा कि आगरा की पहचान केवल ताजमहल से नहीं, बल्कि उत्तर भारत की सर्वश्रेष्ठ जनकपुरी महोत्सव से भी है। उन्होंने इसके लिए रामलीला कमेटी को साधुवाद दिया और जनकपुरी महोत्सव को भव्य बनाने के लिए शुभकामनाएं दीं।
रामलीला कमेटी के अध्यक्ष विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने कहा कि आम तौर पर बरातों में सैंकड़ों लोग शामिल होते है, लेकिन संजय प्लेस में प्रभु श्री राम की बरात आने वाली है, जिसमें पूरे शहर के लाखों लोग शामिल होंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि संजय प्लेस का जनकपुरी महोत्सव नए आयाम स्थापित करेगा।
राजा जनक पीएल शर्मा ने कहा कि पूरे संजय प्लेस के लोग एक परिवार के रूप में माता जानकी और प्रभु श्रीराम के विवाह को पूरे मनोयोग के साथ कराएंगे। नारी शक्ति भी खासी संख्या में पूरी श्रद्धा के साथ जुड़ गई है।
जनकपुरी महोत्सव समिति के अध्यक्ष मुरारी प्रसाद अग्रवाल ने कहा कि आज से सभी जनकपुरी वासी हर पुनीत कार्य से पहले "जय सियाराम" का उदघोष करेंगे। हम पूरे महोत्सव में सभी को साथ लेकर चल रहे हैं।
संचालन महामंत्री हीरेन अग्रवाल ने किया। रामलीला कमेटी के महामंत्री राजीव अग्रवाल, जनकपुरी महोत्सव समिति के वरिष्ठ महामंत्री अनिल वर्मा और उपाध्यक्ष अशोक अरोड़ा भी मंचासीन थे।
Post a Comment
0 Comments