आगरा की राशि कनौजिया का भारतीय महिला क्रिकेट टीम में चयन

आगरा, 03 जुलाई। जिले की क्रिकेटर राशि कनौजिया का भारतीय महिला क्रिकेट टीम में चयन हुआ है। उसे नौ जुलाई से शुरू हो रहे बांग्लादेश दौरे के लिए टी-20 और वनडे टीम में जगह दी गई है। राशि आगरा से पांचवीं महिला क्रिकेटर है। सबसे पहले आगरा से हेमलता काला जो वर्तमान में क्रिकेट टीम की मुख्य चयनकर्ता हैं। इसके बाद प्रीति डुमरी, पूनम यादव, दीप्ति शर्मा ने टीम इंडिया में जगह बनाई। दीप्ति अभी भी टीम का हिस्सा है। 
नामनेर की रहने वाली राशि कनौजिया ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वह बहुत खुश है, जो मेहनत की थी, उसका फल मिला है। अब बस उन्हें अच्छा प्रदर्शन करना है। राशि ने बताया कि माता पिता, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर हेमलता काला, कोच मनोज कुशवाहा के सहयोग से वह आज इस मुकाम पर पहुंची है। राशि लेफ्ट आर्म स्पिनर है। वह लगातार उत्तर प्रदेश की ओर से खेल रही है।
राशि ने अंडर-19 से बोर्ड ट्राफी से सफर शुरू किया। इसके बाद अंडर-23, सीनियर, सेंट्रल जोन की टीमों में अपने प्रदर्शन से खुद को साबित किया। वह इंडिया ए टीम का हिस्सा भी रही है। बीते साल बांग्लादेश और श्रीलंका दौरे पर गई इंडिया ए की जीत में अहम योगदान दिया था। राशि की प्रतिभा को देखते हुए मार्च 2023 में पश्चिम रेलवे ने स्पोर्ट्स कोटे में राशि को ग्रेड-सी में जूनियर क्लर्क की नौकरी भी दी।
महिला क्रिकेट टीम में आगरा की प्रतिभावान खिलाड़ियों का दबदबा रहा है। राशि का इंडिया टीम में चयन होने से उनके परिजन और कोच बेहद खुश है। जिला क्रिकेट एसोसियेशन के अध्यक्ष सुनील जोशन और सचिव प्रकाशेष कौशल ने भी राशि के चयन पर प्रसन्नता जाहिर की है।
__________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments