खबरें आगरा की .........

विधायक से कहने पर भी नहीं मिला गंगाजल
आगरा, 27 जुलाई। शास्त्रीनगर खंदारी निवासी एसके दीक्षित एक बयान में कहा है उत्तरी क्षेत्र के विधायक पुरुषोत्तम खण्डेलवाल का ध्यानाकर्षण कराए जाने के बावजूद शास्त्री नगर में गंगाजल की आपूर्ति शुरू में हो सकी है।
दीक्षित ने कहा कि वह विगत 17 जनवरी और 20 जून को दो बार स्मरण पत्र सौंप चुके हैं। इसके अलावा वह गंगाजल के लिए तीन वर्ष से सक्रिय प्रयास कर रहे हैं। इसके बावजूद क्षेत्र को गंगा जल उपलब्ध नहीं हुआ है। 
दीक्षित का कहना है कि विगत 15 वर्षों में लगभग  सभी निवासियो द्वारा तीन बार अन्य साधनों से पानी की व्यवस्था की है जिसमें प्रत्येक का लगभग एक लाख रुपये खर्चा आया। इस कारण यहां के निवासी  परेशान हैं।
इसके अलावा इस क्षेत्र में दो सड़कों का निर्माण कार्य हुआ था, ये दोनों ही क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। सड़कों पर अतिक्रमण व्याप्त है।
____________________
ट्रांस यमुना के कागज गोदाम में आग
आगरा, 27 जुलाई। थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र के संजीव नगर में गुरुवार की सुबह कागज गोदाम में आग लग गई। आग की लपटें देखकर पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। करीब दो घंटे के प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग में करीब 20 लाख रुपये का नुकसान बताया जा रहा है।
ट्रांस यमुना के संजीव नगर में कमला नगर निवासी गर्वित अग्रवाल का कागज का गोदाम है। सुबह करीब सात बजे लोगों ने गोदाम से धुआं उठते देखा। थोड़ी देर में आग की लपटें निकालने लगी। लोगों ने फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। गोदाम स्वामी पर पहुंच गए।
फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां भी पहुंच गईं। करीब दो घंटे में आग पर काबू पाया गया। गोदाम में रखा सभी सामान जल गया। आग के चलते आसपास के लोग दहशत में आ गए। गोदाम स्वामी का कहना है कि करीब 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने के कारण का पता नहीं चल सका है। माना जा रहा है कि शार्ट सर्किट से आग लगी होगी।
_________________________
आगरा में यमुना लो फ्लड लेवल से दो फीट ऊपर 
आगरा, 27 जुलाई। जिले में यमुना नदी के जल स्तर में एक बार फिर से खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गई है। आज सुबह यमुना लो फ्लड लेवल से दो फीट ऊपर बह रही थी। गोकुल बैराज से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है। यमुना के बढ़ते जलस्तर को लेकर प्रशासन की ओर से अलर्ट जारी किया गया है।
आगरा में नौ दिन पहले यमुना का जलस्तर 499.3 फीट तक पहुंच गया था। यमुना किनारे के कैलाश समेत करीब 31 गांव बाढ़ की चपेट में आ गए थे। कैलाश मंदिर में भी पानी भर गया था। मगर, उसके बाद यमुना का जलस्तर घटने लगा। यमुना खतरे के निशाने से नीचे पहुंच गई थी।
पिछले दो दिन से यमुना में फिर से पानी बढ़ने लगा है। गुरुवार सुबह आठ बजे यमुना खतरे के निशान से दो फीट ऊपर 497 फीट पर पहुंच गई। इससे यमुना किनारे वाले गांवों में एक बार फिर से खतरा पैदा हो गया। गोकुल बैराज से 1.11 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया। ऐसे में जलस्तर और बढ़ने की संभावना है।
प्रशासन ने डूब क्षेत्र में बनी कालोनी और किनारे बसे गांवों में अलर्ट जारी किया है। लोगों को यमुना किनारे जाने से बचने और पशुओं को बांध कर रखने के लिए कहा गया है। बाढ़ राहत केंद्र भी बनाए गए हैं।
__________________________
डीईआई के कैडेट्स ने वीरों की शहादत को किया नमन
आगरा 27 जुलाई। दयालबाग शिक्षण संस्थान की एन सी सी इकाई 7/1 कंपनी, 1 यू पी बटालियन, एन सी सी आगरा के कडेट्स ने 24वें कारगिल विजय दिवस पर संजय प्लेस स्थित शहीद स्मारक पर स्मारक, वहां लगीं वीर योद्धाओं के प्रतिमाओं की साफ सफाई की तथा उनकी प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किये। 
संस्थान के 40 कैडेट्स ने अपनी सहयोग दिया। कार्यक्रम का सफल संचालन सीनियर अंडर ऑफिसर अमन सिंह राठौर और अंडर ऑफिसर विनय प्रताप सिंह ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में अंडर ऑफिसर प्रियांशु चाहर, अभिनव, सार्जेंट राहुल, खुशी रावत, कंचन सारस्वत, कैडेट दिव्या चौधरी और शिवानी उपाध्याय की अहम भूमिका रही। अंत में कंपनी कमांडर कैप्टेन मनीष कुमार ने कैडेस को संकल्प दिलवाया कि सभी एन सी सी कैडेट्स मातृभूमि की सुरक्षा और सम्मान में हमेशा अग्रसर रहेंगे।
_____________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments