भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरे नगर निगम के एक्स-ईएन आरके सिंह का तबादला

आगरा, 01 जुलाई। भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरे नगर निगम के अधिशासी अभियंता (एक्स-ईएन) रविन्द्र कुमार सिंह का तबादला नगर निगम वाराणसी हो गया है। वाराणसी पीएम मोदी का संसदीय क्षेत्र है। वीवीआईपी क्षेत्र में तबादला होने पर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। दरअसल भाजपा विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. जीएस धर्मेश ने एक्स-ईएन पर रिश्वतखोरी के आरोप लगाए थे। बिना टेंडर अपने चहेते ठेकेदारों को बड़ा कमीशन लेकर कार्य दिए जाने की शिकायत भी की थी। ताजगंज क्षेत्र में स्मार्ट सिटी के तहत कराए कार्यों की गुणवत्ता खराब होने तथा नाली और अन्य निर्माण में खानापूर्ति करने का आरोप लगाया था। अधिशासी अभियंता पर गाजियाबाद, लखनऊ और पटना में बेनामी संपत्ति अर्जित का भी आरोप लगाया था। आगरा में जी-20 प्रतिनिधियों के आगमन से पहले कराए कार्यों में घपला करने आरोप लगाया था। 143 करोड़ की लागत से ताजमहल क्षेत्र बिछाई पाइप लाइन में घपले का आरोप लगा था। मामले में शासन स्तर से जांच भी चल रही है। इसी बीच उनका ट्रांसफर वाराणसी क्षेत्र में होने पर लोग चुटकियां ले रहे हैं।
आगरा में रविंद्र कुमार सिंह ने स्मार्ट सिटी के नोडल की भी जिम्मेदारी संभाली थी। छावनी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. जीएस धर्मेश ने रविंद्र कुमार सिंह के खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायत मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर भी की थी। अब सवाल उठ रहे हैं कि वीवीआईपी क्षेत्र में उनका ट्रांसफर किस आधार पर हो गया। विधायक द्वारा लगाए गए गंभीर आरोप के बाद उन्हें प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी कैसे मिल गई।

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments