मुफीद-ए-आम में राम नाम के पटके को लेकर भिड़े भाजपा और सपा प्रत्याशी

पूर्वाह्न 11 बजे तक आगरा में 22.87 प्रतिशत मतदान, नगर निगम के लिए 16.09 प्रतिशत वोट पड़े
आगरा, 04 मई। निकाय चुनावों के लिए जिले में आज चल रहे मतदान के दौरान मुफीद ए आम इंटर कॉलेज में भाजपा एवं सपा प्रत्याशी के बीच राम नाम के पटके को लेकर विवाद हो गया। यहां भाजपा प्रत्याशी ने गले में राम नाम का पटका पहना हुआ था, जिस पर सपा प्रत्याशी ने अपना विरोध जताया, इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हो गया। लोगों ने दोनों का किसी प्रकार बीच-बचाव कराया।
जिले में पूर्वाह्न 11 बजे तक कुल 22.87 प्रतिशत मतदान हुआ। नगर निगम के लिए 16.09 प्रतिशत मतदान हो पाया। हालांकि सुबह नौ बजे तक 11.31 प्रतिशत मतदान हो गया था, लेकिन अगले दो घंटे में मतदान की गति में गिरावट आ गई। 
आगरा नगर निगम के 98 वार्डों के 510 प्रत्याशी और 10 मेयर प्रत्याशियों के लिए सुबह सात बजे से 1505 केंद्रों पर मतदान चल रहा है। मतदान केन्द्रों के साथ-साथ पुलिस प्रशासन मुस्लिम बहुल बस्तियों पर भी पैनी नजर रखे हुए है। नगर निगम के लिए कुल 16.49 लाख मतदाताओं को अपने मत का इस्तेमाल करना है। 
सुबह ग्यारह बजे तक जिले की नगर पालिकाओं के लिए 26.70 % और पंचायत का 25.83% मतदान हुआ। नगर निगम चुनाव में इस बार मतदाता सूची में गड़बड़ी के कारण मतदान प्रतिशत में कमी नज़र आ रही है। विधानसभा चुनाव के उलट नगर निगम चुनाव की मतदाता सूची में 35 से 40 फ़ीसद नाम ही हैं। सात फ़ीसद से ज्यादा नाम कटे हुए हैं। मतदाता सूची में 25 साल पहले के मृतकों के नाम हैं, जबकि 10 साल से विधानसभा चुनाव में वोट दे रहे लोगों के नाम गायब हैं। इसके अलावा कॉलोनी दूसरे भागों में जोड़ दी गई हैं, जिसकी जानकारी लोगों को नहीं थी। यही वजह है कि पहले चार घण्टो में केवल 16 फीसदी वोट पड़े हैं। दोपहर में अब केंद्रों पर भीड़ भी छंट गई है।
गोकुलपुरा क्षेत्र के वाल्मीकि बस्ती के लोगों का आरोप है कि वोटर लिस्ट में गड़बड़ी की गई है। वाल्मीकि समाज के लोगों का वोट काट दिया गया है। सूची में अधिकांश लोगों के नाम ही नहीं हैं, जिससे काफी लोग वोट देने से वंचित रह गए।
______________




ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments