कल मतदान के लिए दिनभर चलीं तैयारियां और इंतजाम पढ़िए सिर्फ एक क्लिक में

383 मतदान केंद्र, 1515 मतदेय स्थलों पर होगा मतदान, पोलिंग पार्टियां रवाना
आगरा, 03 मई। जिले में निकाय चुनाव के लिए कल चार मई को होने जा रहे मतदान के लिए मंडी समिति स्थल से पोलिंग पार्टियां आज रवाना कर दी गई। सुबह ठंडा मौसम था लेकिन जैसे ही दस बजे का समय हुआ तेज धूप निकल आई और गर्मी का प्रकोप बढ़ गया। बड़ी संख्या में मंडी समिति पर कर्मचारियों की भीड़ दिखी। कई महिलाएं ऐसी भी थीं, जो अपने हाथ बच्चा लिए चुनाव से संबंधित सामान ले रही थीं।
जिला प्रशासन के अनुसार नगर निगम, नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायत के निकाय निर्वाचन क्षेत्र को 383 मतदान केंद्र 1515 मतदेय स्थलों तथा 41 जोन व 128 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। नगर निगम, नगर पालिका परिषद और प्रत्येक नगर पंचायत में संबंधित उप जिला मजिस्ट्रेट, सहायक पुलिस आयुक्त अपने क्षेत्र में शांति व्यवस्था की समुचित व्यवस्था रखेंगे। मतदान स्थलों पर संख्या के अनुसार पुलिस व्यवस्था की गई है। जहां मतदान केंद्रों पर अधिक पोलिंग बूथ है वहां पर अधिक पुलिसकर्मी व होमगार्ड लगाए गए हैं।
पुलिस ने 26 हजार लोग किए पाबंद 
पुलिस प्रशासन ने निकाय चुनाव को लेकर शहर में 18 हजार लोगो को पाबंद किया है। ग्रामीण क्षेत्रों में आठ हजार लोगों को पाबंद किया गया है। इसके अलावा 120 लोगों को तीन माह के लिए जिलाबदर किया गया। पुलिस आयुक्त डा प्रीतिंदर सिंह ने बताया कि चुनावों को लेकर 80 प्रतिशत हथियार जमा कराए गए हैं। उन्होंने बताया कि 31 अति संवेदनशील केंद्रों की वीडियोग्राफी कराई जाएगी, वहां अतिरिक्त फोर्स भी तैनात रहेगा। इसके अलावा सोशल मीडिया पर भी पैनी नजर रखने के इंतजाम किए गए हैं।
प्रत्येक बूथ पर होंगी दो ईवीएम
पोलिंग बूथ के 200 मीटर के दायरे में कोई भी भीड़ या कोई प्रचार सामग्री मौजूद नहीं रहेगी। प्रत्येक मतदान केंद्र पर दो-दो शस्त्र धारी मुख्य आरक्षी और आरक्षी लगाए गए हैं। वही अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर आधा-आधा सेक्शन पीएसी लगाई गई है।
प्रत्येक बूथ पर दो ईवीएम होंगी जिसमें एक पार्षद व एक महापौर की होगी। साथ ही संवेदनशील 31 बूथों पर वीडियोग्राफी कराई जाएगी और मतदान सुबह 7 बजे से शुरू होगा और शाम 6 बजे तक चलेगा।
सभी बूथों पर ड्रोन से भी रहेगी नजर
नगर निकाय चुनाव को लेकर पुलिस सुरक्षा व्यवस्था की बात की जाए तो मतदान केंद्रों पर पीएसी के साथ आरआरएफ भी तैनात होगी। आगरा में 2769 सिपाही, 3030 होमगार्ड, 643 निरीक्षक दरोगा, 30 सेक्शन पीएसी 300 सिपाही, महिला पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही सभी बूथ पर ड्रोन से नजर रखी जाएगी।
स्ट्रॉन्ग रूम में एक सांप निकलने से हड़कंप 
इससे पूर्व आज दिन में मंडी समिति स्थल के स्ट्रॉन्ग रूम 81 से 85 में एक सांप निकलने से हड़कंप मचा गया। मौके पर मौजूद सभी कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में वाइल्ड लाइफ एसओएस टीम को सूचना दी गई। तब कहीं जाकर करीब एक घंटे की मशक्कत से टीम ने सांप को कब्जे में किया। जिसके बाद स्ट्रॉन्ग रूम पर मौजूद कर्मियों को चैन मिला। बताया जा रहा है कि स्ट्रांग रूम लंबे समय से बंद था। इस वजह से आस-पास की झाड़ियों में से निकल कर सांप स्ट्रांग रूम में घुसा होगा। सांप को उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया।
ड्यूटी कटवाने मंडी समिति पहुंचा दूल्हा
मंडी समिति स्थल पर आज बुधवार को लोग उस समय चौंक गए जब एक युवक को उन्होंने दूल्हे को शेरवानी में देखा। पहले तो लोगों को कुछ समझ नहीं आया। लेकिन जब लोगों ने जानकारी की तो पता चला कि देर रात को इस मतदान कर्मी की शादी हुई थी और आज सुबह दुल्हन विदा होनी थी। इस कर्मी को मतदान के लिए ड्यूटी पर जाना था। लेकिन वह दूल्हे के लिवाज में ही मंडी समिति स्थल पहुंच गया और अपनी ड्यूटी कटवाने की जद्दोजहद में जुट गया। दूल्हे के लिवाज में आए मतदान कर्मी की ड्यूटी काट दी गई। दूल्हे के निवास में मंडी समिति स्थल में पहुंचे इस युवक को देखकर चारों तरफ चर्चाओं का दौर शुरू हो गया और कई लोग तो ठहाके लगा कर हंसने भी लगे।
पहली बार चुनावी ड्यूटी दे रहीं कई महिलाएं 
मंडी समिति पहुंचे कई ऐसे भी मतदान कार्मिक थे, जो कई बार मतदान की ड्यूटी कर चुके हैं। लेकिन कई युवतियां ऐसी भी मंडी समिति स्थल पर आईं, जो पहली बार चुनावी ड्यूटी देने जा रही थीं। आगरा की  गार्गी पहली बार चुनाव ड्यूटी कर रही हैं। उनकी ड्यूटी बसई खेड़ा में स्थित मतदान केंद्र पर लगी है। उन्होंने बताया कि पहली बार ड्यूटी करने का अलग ही अनुभव हो रहा है। वहीं इस काम से आत्मविश्वास भी बढ़ेगा। बाकी जब ड्यूटी करेंगे तो पता चलेगा।
दो साल की बच्ची को अपनी गोद में लेकर खड़ी हुई मतदान कार्मिक सुमन ने बताया कि वह पहली बार मतदान की ड्यूटी देने के लिए विवेकानंद स्कूल, जो कि मंडी स्थल से करीब 8 किलोमीटर दूर है, वहां पर जा रही हैं। उनके पति यहां उन्हें छोड़ने आए हैं, लेकिन वहीं उनका कहना है कि करीब दो साल की उनकी बच्ची बिना उनके रह नहीं सकती। ऐसे में ड्यूटी के दौरान उसे संभालने में परेशानी हो सकती है।
__________________







ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments