निकाय चुनावों के पहले चरण का चुनाव प्रचार थमा, 4 को पड़ेंगे वोट
आगरा, 02 मई। प्रदेश निकाय चुनाव के पहले चरण के लिए आज मंगलवार शाम छह बजे प्रचार थम गया। चुनाव के पहले चरण में चार अप्रैल को आगरा व कुछ अन्य जिलों में मतदान होना है।
एक तरफ जहां भाजपा ने प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी, वहीं सपा और बसपा के प्रत्याशी अपने भरोसे ही प्रचार में जुटे रहे। बसपा और सपा की ओर से एक भी बड़ा चेहरा चुनाव प्रचार के लिए नहीं आया। आगरा और आस-पास के जिलों में कोई बड़ी जनसभा तक नहीं हुई। भाजपा के पक्ष में प्रदेश के ऊर्जा मंत्री ए के सिंह ने सोमवार को आगरा में रोड शो किया। राज्य मंत्री संदीप सिंह और परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह भी चौपाल और रोड शो कर चुके हैं। केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल भी प्रचार में जुटे रहे।
सपा और बसपा प्रत्याशी स्थानीय पदाधिकारियों के साथ ही प्रचार में जुटे हैं। प्रचार के अंतिम दिन भी दोनों दलों की ओर से कोई बड़ा चेहरा मैदान में नहीं उतरा।
प्रदेश स्तर पर बात करें तो, पहले चरण के चुनाव प्रचार के लिए सीएम योगी ने 26 सभाएं की, जबकि अखिलेश यादव ने तीन दिन में चार रैलियां की। इससे उलट, बसपा अपने प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाने के लिए कोई बड़ा चेहरा नहीं उतार सकी। प्रत्याशी खुद अपने लिए वोट मांगते रहे।
पहले चरण में प्रदेश के 37 जिलों में मतदान होना है। कुल 7,592 पदों के लिए 44, 235 उम्मीदवार मैदान में हैं। महापौर पद के लिए नौ प्रत्याशियों के नाम वापसी के बाद 122 पदों के लिए वोटिंग होगी। पार्षद पद पर 5432, नगर पालिका अध्यक्ष पद पर 1069, पालिका सदस्य पद पर 14862, नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर 2932 और सदस्य पद पर 19818 सदस्य मैदान में है।
86 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन
राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज कुमार ने बताया कि नगर निकाय चुनाव के पहले चरण में एक नगर पालिका और एक नगर पंचायत अध्यक्ष समेत 86 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ। आगरा की नगर पंचायत दयालबाग में अध्यक्ष निर्विरोध चुना गया। इसके अलावा मथुरा, गोरखपुर, मुरादाबाद नगर निगमों में 2-2 और झांसी, फिरोजाबाद, सहारनपुर नगर निगम में 1-1 पार्षद निर्विरोध चुने गए। नगर पंचायतों में आगरा में 13, महराजगंज से 10, गोंडा से 3, कुशीनगर प्रयागराज, फतेहपुर एवं मैनपुरी से 2-2 तथा श्रावस्ती से एक सदस्य निर्विरोध चुना गया है। झांसी में नगर पालिका चिरगांव अध्यक्ष को निर्विरोध चुना गया है।
आगरा से नौ सदस्य, रामपुर और शामली से 4-4, सहारनपुर से 3, गोंडा, झांसी, मथुरा, लखीमपुर खीरी से 2-2, जालौन, फतेहपुर, फिरोजाबाद, महराजगंज, संभल, सीतापुर, हरदोई से एक-एक नगर पालिका सदस्य निर्विरोध चुना गया है।
Post a Comment
0 Comments