दोपहर एक बजे तक 30.16 प्रतिशत वोटिंग, नगर निगम के लिए 25.20 प्रतिशत मतदान

इस बार कम रह सकता है मतदान, वोटर लिस्ट में कई जगह गड़बड़ियां 
आगरा, 04 मई। निकाय चुनावों के लिए जिले में आज चल रहे मतदान में दोपहर एक बजे तक 30.16 प्रतिशत वोट पड़ चुके थे। निर्वाचन कार्यालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार दोपहर एक बजे तक नगर निगम के लिए 25.20 प्रतिशत, नगर पालिकाओं के लिए 32.59 और नगर पंचायतों के लिए 32.69 प्रतिशत वोट पड़े। 
माना जा रहा है कि इस बार मतदान का प्रतिशत पिछ्ली बार से कम रह सकता है। पॉश कॉलोनियों के मुकाबले बस्तियों वाले मतदान केंद्रों पर वोटिंग प्रतिशत ज्यादा है। सभी प्रत्याशी इस स्थिति को भांपते हुए अपने मतदाताओं को घरों से निकालकर मतदान केंद्रों तक पहुंचाने में हर संभव कोशिश में जुटे हुए हैं।
इस बीच, दो लोग फर्जी वोट डालने से पहले गए दबोच लिए गए। थाना ट्रांस यमुना कॉलोनी के जगदंबा इंटर कॉलेज पर एक महिला और पुरुष फर्जी मतदान करने के लिए पहुंचे थे। बूथ पर पीठासीन अधिकारी ने पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस पड़ताल में जुटी है।
जिला प्रशासन के सभी अधिकारी विभिन्न मतदान केंद्रों का जायजा लेते हुए व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखे हुए हैं। अपर पुलिस आयुक्त केशव चौधरी और नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने भी आज अयोध्या प्रसाद इंटर कॉलेज पोलिंग बूथ का निरीक्षण किया।
कई वार्डों में वोटर लिस्ट से नाम गायब
नगर निगम के वार्ड 44 में सुरेशनगर, मानसरोवर कॉलोनी के वोटर्स के नाम गायब हैं। इस वार्ड में 5 बूथ लश्कर पुर में सुनहरीलाल कॉलेज में बनाए गए हैं, जबकि 5 बूथ न्यू आगरा में चंद्रावती में बनाए गए हैं। बसंत विहार कॉलोनी के लोगों के लिए लश्कर पुर करीब पड़ता था, वहां के लोगों को वोट डालने के लिए न्यू आगरा आना पड़ रहा है। जब न्यू आगरा से सटे सुरेश नगर के लोगों को वोटर लिस्ट में नाम न होने पर लश्कर पुर भेजा रहा है। कई लोगों पर वोटर कार्ड थे लेकिन उनका लिस्ट से नाम गायब था।
जूही प्रकाश ने लगाए भाजपा-बसपा पर आरोप
उधर सपा की मेयर प्रत्याशी जूही प्रकाश ने भाजपा-बसपा पर आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप लगाए हैं।
बता दें कि आज ही मुफीद ए आम इंटर कालेज के बूथ पर विजय नगर कॉलोनी से भाजपा पार्षद प्रत्याशी नेहा गुप्ता से गले में पड़ी पट्टिका को लेकर  नोंक झोंक हो गई थी। इस दौरान कार्यकर्ताओं में भी नारेबाजी शुरू हो गई थी। जूही प्रकाश का आरोप है कि बसपा की गाड़ियों पर भी पार्टी के झंडे लगे हुए हैं। यह आचार संहिता का खुला उल्लंघन है।
____________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments