आगरा में 24 जगह ईवीएम खराब
आगरा, 04 मई। जिले में आज निकाय चुनावों के लिए मतदान शुरू होने के कुछ समय बाद ही 24 जगह पर ईवीएम खराब होने की सूचना मिली। जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने बताया कि इनको तुरंत बदलवा दिया गया। सभी बूथ पर मतदान चल रहा है। जिले में सुबह नौ बजे तक 11.91 प्रतिशत मतदान हो चुका था। इनमें नगर निगम के लिए 11.30 प्रतिशत, समस्त नगर पालिकाओं में 13.07 प्रतिशत और नगर पंचायतों में 11.37 प्रतिशत मतदान हो चुका था।
कई वार्डों में वोटर लिस्ट से नाम गायब होने से लोग पोलिंग बूथों से मायूस लौट गए। बूथ बदलने से भी लोगों को परेशानी हो रही है। वोट डालने के लिए लोग अलग-अलग बूथों का चक्कर काट रहे हैं। नगर निगम के वार्ड 44 में सुरेशनगर, मानसरोवर कॉलोनी के वोटर्स के नाम गायब हैं। इस वार्ड में 5 बूथ लश्कर पुर में सुनहरीलाल कॉलेज में बनाए गए हैं, जबकि 5 बूथ न्यू आगरा में चंद्रावती में बनाए गए हैं। बसंत विहार कॉलोनी के लोगों के लिए लश्करपुर करीब पड़ता था, वहां के लोगों को वोट डालने के लिए न्यू आगरा आना पड़ रहा है। जब न्यू आगरा से सटे सुरेश नगर के लोगों को वोटर लिस्ट में नाम न होने पर लश्करपुर भेजा रहा है। कई लोगों पर वोटर कार्ड थे लेकिन उनका लिस्ट से नाम गायब था।
गैलाना के रहने वाले बड़ी संख्या में लोगों के नाम मतदाता सूची में नहीं हैं। लोग परेशान हो रहे हैं। बस्तों पर अपना नाम तलाश रहे लेकिन नाम ही नहीं मिल रहे। कुछ मतदाता नाराज होकर घर लौट गए।
उधर, लश्करपुर दलित बहुल्य इलाके में वोटिंग को लेकर खासा उत्साह नजर आया। पर्चियां लेने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही थी। यहां वोट डालने के लिए लोगों को लाइन में लगना पड़ रहा था। सुरक्षा-व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम दिखे। सपा, बसपा और भाजपा समेत अन्य दलों के कार्यकर्ता मतदाताओं को बुला-बुलाकर पर्ची दे रहे थे। वहीं जागेश्वर वार्ड में वोटर्स की लंबी लाइन लगी हुई थी। वोट डालने से पहले विभिन्न दलों बस्तों पर मतदाताओं का हुजूम उमड़ रहा था।
__________________
Post a Comment
0 Comments