आज कश्मीर में जमीन खरीद सकते हैं, लेकिन पीओके भी चाहिए -रामभद्राचार्य
आगरा। कोठी मीना बाजार पर चित्रकूटधाम कथा स्थल पर श्री राम कथा के दूसरे दिन पद्म विभूषण तुलसी पीठाधीश्वर स्वामी रामभद्राचार्य ने भक्तों को भाव विभोर कर आनंद की अनुभूति दिलाई। राम जी के भजनों से कथा की शुरुआत करते हुए उन्होंने कहाकि युवा वर्ग राम की वास्तविकता को समझने लगा है। राम युवा हैं और राम निरंतर युवक है। जिन्होंने राम अपमान किया उनका राजनीतिक भविष्य समाप्त है और अब जनता उन्हें स्वीकार नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि संत होना जीव का सबसे बड़ा सौभाग्य है। भगवान का नाम लेने में मन में लग जाए, लीला में मन लग जाए, यही भजन हैं। संतों के संग लग जाने से व्यक्ति की बिगड़ी बन जाती है। भारत के प्रधानमंत्री ने संतों का संग लिया। फिर विवेक का परिचय दिया कश्मीर की समस्या खत्म किया आज हम कश्मीर में अपनी जमीन खरीद सकते हैं अभी हमें पाक अधिकृत कश्मीर नहीं मिला है उसके लिए हम चुप नहीं बैठ सकते हैं।
यजमानों के पूजन के बाद तुलसी पीठाधीश्वर स्वामी रामभद्राचार्य जी महाराज ने मंच पर कवि पवन आग्नेय और चेतन चर्चित को आमंत्रित किया। उन्होंने रामचरितमानस और भगवान राम पर कविता से भक्तों में जोश भर दिया। उसके बाद कृष्णानंद बाबा ने मंच से भारत में हो रही गौ हत्या पर अपने विचार रखे और कहा कि गौ हत्या बंद होनी चाहिए।
कथा श्रवण कराते हुए स्वामी रामभद्राचार्य ने शिव-सती प्रसंग, शंकर और राम मिलन की कथा को बहुत ही मार्मिक ढंग से समझाया। उन्होंने कहा कि भारतीय दर्शन चित्र नहीं चरित्र बनाता है। सभी को यह दर्शाता है संतों के यहां जाओ चित्र नहीं चरित्र की चिंता करो। उन्होंने कहा कि महिला का युवावस्था में सम्मान होता है पर विद्वान का वृद्धावस्था में सम्मान होता है। जैसे-जैसे उम्र बढ़ती जाती है तो भोजन से भजन में मन लगता है।
श्री राम कथा के दूसरे दिन केंद्रीय राज्य मंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल, प्रदेश के राज्यमंत्री असीम अरुण और राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार दिनेश दुबे कथा सुनने पहुंचे।
Post a Comment
0 Comments