वार्ड 54 से भाजपा की रेनू भी निर्विरोध, सपा की क्षमा जैन सक्सेना ने नाम वापस लिया
आगरा, 20 अप्रैल। भारतीय जनता पार्टी ने आज गुरुवार को समाजवादी पार्टी को झटका दे दिया। पूर्व पार्षद क्षमा जैन सपा छोड़कर भाजपा में शामिल हो गई हैं। उन्होंने वार्ड 54 से निर्दलीय पर्चा दाखिल किया था। भाजपा प्रत्याशी रेनू गुप्ता के समर्थन में उन्होंने पर्चा वापस ले लिया।
इस बार निकाय चुनाव में वार्ड 54 से भाजपा नेता जय कुमार गुप्ता की धर्मपत्नी रेनू गुप्ता ने पर्चा भरा है। वार्ड 54 रेनू गुप्ता का मुकाबला क्षमा जैन से था। क्षमा जैन द्वारा पर्चा वापस लिए जाने से अब वह निर्विरोध पार्षद बन गई हैं।
वर्ष 2017 में दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के कहने पर शिवपाल यादव ने रोली तिवारी का टिकट काटकर क्षमा जैन सक्सेना को आगरा दक्षिण सीट से प्रत्याशी घोषित किया था। सूबे में जब सपा सरकार थी तब मुलायम सिंह यादव आगरा में क्षमा जैन के घर दो बार आए थे। क्षमा जैन अपने वार्ड से पार्षद भी रह चुकी हैं। वहीं सपा महिला सभा की पूर्व शहर अध्यक्ष भी रही हैं। वह पिछले काफी समय से सपा में निष्क्रिय चल रहीं थीं।
भाजपा के हाथ एक और सफलता लगी। देहली गेट-बाग फरजाना वार्ड से भाजपा प्रत्याशी शरद चौहान के समर्थन में विशाल शर्मा ने भी अपना पर्चा वापस ले लिया है। यहां से भाजपा के पूर्व पार्षद की टिकट काटकर शरद चौहान को दी गई है। पूर्व पार्षद संजय राय ने भी पर्चा दाखिल किया है। पार्टीजन उन्हें मनाने भी पहुंचे थे लेकिन दोपहर तक वह पर्चा वापस लिए जाने से कतराते रहे।
इसके अलावा नगर निगम वार्ड संख्या 69 से भाजपा प्रत्याशी गीता लोधी के समर्थन में निर्दलीय प्रत्याशी हरिशंकर लोधी ने अपना पर्चा वापस लेकर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा ब्रज क्षेत्र कार्यालय पर महानगर अध्यक्ष भानु महाजन ने उन्हें पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई। हरिशंकर लोधी ने सपा में सक्रिय थे।
_____________
Post a Comment
0 Comments