चार दिन में एक और बालिका दरिंदगी की शिकार
आगरा, 13 मार्च। शहर में चार दिन के अंदर एक और बालिका दरिंदगी की शिकार हो गई। सोमवार की सुबह शाहगंज थाना क्षेत्र में शौच के लिए गई दस वर्षीय बालिका को युवक ने दबोच लिया। उससे दुष्कर्म किया। विराेध करने पर बालिका के सिर में ईंट मारकर घायल कर दिया। बालिका बदहवास हालत में रोती हुई घर पहुंची। दुष्कर्म की जानकारी होने पर बस्ती के लोगों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने हंगामा कर जाम लगा दिया।
गौरतलब है कि विगत नौ मार्च को थाना सिकंदरा के जंगल में 14 साल की किशोरी से दुष्कर्म की वारदात सामने आई थी। इस मामले में दो आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। किशोरी नौ मार्च को घर से निकली थी। इसके बाद लापता हो गई थी। वह 10 मार्च को जंगल में मिली थी। उसके साथ दुष्कर्म किया गया था। इसके बाद उसे जान से मारने की कोशिश हुई थी।
ताजा घटना सोमवार सुबह लगभग छह बजे की है। शाहगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली करीब दस वर्षीय बालिका शौच के लिए गई थी। घर का शौचालय टूट गया है, जिसके चलते उसे बाहर जाना पड़ा। वहां पर लगभग 32 वर्षीय युवक ने उसे दबोच लिया। बालिका ने विरोध किया तो उसका मुंह दबा लिया। पास ही एक बंद पुलिया के नीचे ले गया। बालिका के सिर में ईंट से प्रहार कर दिया और उससे दुष्कर्म करके वहां से भाग गया। बालिका ने खून से लथपथ हालत में घर पहुंचकर घटना की जानकारी दी। आक्रोशित बस्ती के लोगों ने हंगामा कर दिया। उन्होंने मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। जानकारी होने पर पुलिस उपायुक्त विकास कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोगों ने जाम खोला।
जिस जगह घटना हुई, वहां पर नशेबाजों का जमावड़ा रहता है। बस्ती के लोगों का कहना था कि पुलिया और उसके आसपास नशा करने व जुआ खेलने वाले जमा रहते हैं। महिलाओं और लड़कियों को वहां से निकलने में दिक्कत होती है। कई बार इसकी शिकायत की गई है। पुलिस की नियमित गश्त नहीं रहती है।
पुलिस को घटनास्थल के पास एक प्रत्यक्षदर्शी मिला है। जिसने युवक को वहां से भागते हुए देखा था। उसकी मदद से पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।
________________________
Post a Comment
0 Comments