राजेश गोयल नेशनल चैंबर के निर्विरोध अध्यक्ष, औपचारिक घोषणा ही शेष

पर्चा भरने की अंतिम तिथि तक केवल एक नामांकन, अतुल ने नहीं भरा पर्चा
उपाध्यक्ष के दो पदों और कोषाध्यक्ष के लिए हो सकते हैं चुनाव
आगरा, 01 मार्च। कई औद्योगिक संस्थाओं में सक्रिय रूप से जुड़े रहे राजेश गोयल (मिंटू) नेशनल चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स यूपी की जिला शाखा के नए अध्यक्ष हो गए हैं, इसकी औपचारिक घोषणा हो शेष रह गई है। वे एक अप्रैल से एक साल के लिए अपना कार्यभार संभालेंगे। 
गौरतलब है कि "न्यूज-नजरिया" ने लगभग एक माह पहले विगत पांच फरवरी को ही राजेश गोयल के नए अध्यक्ष बनने के संकेत दे दिए थे। साथ ही बताया था कि उनका निर्वाचन निर्विरोध होने की तैयारी है। हुआ भी यही। चैंबर के वार्षिक चुनावों में नामांकन पत्र जमा करने के लिए आज आखिरी दिन तक अध्यक्ष पद पर केवल राजेश गोयल का ही पर्चा दाखिल हुआ। चुनाव संचालन समिति अब गुरुवार को नामांकन पत्रों की जांच करेगी। चैम्बर के वार्षिक चुनावों में अध्यक्ष के अलावा उपाध्यक्ष के दो पदों और कोषाध्यक्ष का चुनाव होता है। अध्यक्ष पद पर केवल राजेश गोयल का पर्चा दाखिल हुआ, जबकि उपाध्यक्ष के दो पदों के लिए चार और कोषाध्यक्ष पद के लिए तीन पर्चे भरे गए हैं।
अतुल गुप्ता ने भी लिया था नामांकन पत्र
केके पालीवाल और मनीष अग्रवाल आदि के दुबारा अध्यक्ष बन जाने के बाद से चैम्बर के पूर्व अध्यक्ष अतुल गुप्ता भी पुनः अध्यक्ष बन जाने की आकांक्षा पाले हुए हैं। उन्होंने इस बार अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र ले लिया था, लेकिन राजेश गोयल से अच्छी ट्यूनिंग होने के चलते उन्होंने अपना पर्चा जमा नहीं किया। गौरतलब है कि पूर्व उपाध्यक्ष संजय गोयल (एडवांस) ने भी पिछले साल अध्यक्ष पद का पर्चा ले लिया था, लेकिन फिर जमा नहीं किया। अतुल गुप्ता अगले सालों में फिर से अध्यक्ष पद की दावेदारी कर सकते हैं।
जुझारू उद्यमी नेता हैं राजेश गोयल
राजेश गोयल की जुझारू उद्यमी के रूप में शहर में अलग पहचान है। वह कई साल से आगरा कोल्ड स्टोरेज ओनर्स एसोसियेशन के सचिव हैं और पिछले कुछ साल से फेडरेशन ऑफ कोल्ड स्टोरेज एसोसियेशन ऑफ इंडिया के भी राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। वे आगरा आयरन फाउंडर्स एसोसियेशन, आईआईए जैसी कई अन्य उद्यमी संस्थाओं से भी जुड़े हुए हैं। राजेश गोयल की उद्योग व्यापार के प्रति सक्रियता ही उनका प्लस प्वाइंट बनी। उद्यमियों की सोच है कि पिछले कुछ वर्षों में नेशनल चैंबर की गतिविधियों में आई गिरावट और प्रशासनिक मंचों पर ढीली हुई पकड़ को राजेश गोयल जैसे जुझारू अध्यक्ष के सहारे मजबूत किया जा सकेगा।
उपाध्यक्ष पद पर अनिल, राजेंद्र, गोपाल और मनोज ने भरे पर्चे
चैंबर के दो उपाध्यक्षों के लिए चार नामांकन भरे गए है। इनमें अनिल अग्रवाल, राजेंद्र गर्ग, गोपाल खंडेलवाल और मनोज बंसल शामिल हैं। सभी प्रत्याशी निकट भविष्य में चैम्बर का अध्यक्ष बनने का ख्वाब पाले हुए हैं। चैंबर के संविधान के अनुसार अध्यक्ष पद के लिए एक बार कोषाध्यक्ष और एक बार उपाध्यक्ष पद पर रहना या फिर दो बार उपाध्यक्ष पद पर रहना जरूरी है।
कोषाध्यक्ष पर योगेश जिंदल, अंबा और सुशील मैदान में
कोषाध्यक्ष पद के लिए इस बार तीन पर्चे भरे गए हैं। योगेश जिंदल, अंबा प्रसाद अग्रवाल और सुशील बंसल मैदान में हैं। इनमें योगेश जिंदल एक बार उपाध्यक्ष रह चुके हैं। अध्यक्ष बनने की आकांक्षा में उन्होंने पिछली बार पुनः उपाध्यक्ष पद का चुनाव लड़ा था, लेकिन बेहद मामूली अंतर से उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इस बार कोषाध्यक्ष पद को अपने लिए ज्यादा आसान मानते हुए उन्होंने फिर भाग्य आजमाया है। अंबा प्रसाद सिकंदरा फैक्ट्री एसोसियेशन के सचिव हरिओम अग्रवाल के सुपुत्र हैं, जबकि सुशील बंसल सुरेश चंद तार वालों के भतीजे हैं।
ये है कार्यकारिणी की स्थिति
चार पदाधिकारियों के अलावा हर साल कार्यकारिणी के 12 ग्रुपों के सदस्यों का चुनाव होता है। इस बार पांच ग्रुपों में जरूरत के अनुसार पूरे नामांकन आए, जबकि तीन ग्रुपों में एक-एक कम और चार ग्रुपों में एक-एक ज्यादा नामांकन पत्र आए हैं। कम प्रत्याशियों वाले ग्रुपों में कॉप्शन से संख्या पूरी करने का प्रावधान है। अधिक नामांकन वाले ग्रुपों में नाम वापस न होने पर चुनाव हो सकते हैं।
आज नामांकन पत्रों की जांच
चुनाव संचालन समिति के सह अध्यक्ष सीताराम अग्रवाल और सह अध्यक्ष प्रदीप वार्ष्णेय के अनुसार गुरुवार दो मार्च को सायं चार बजे नामांकन पत्रों की जांच होगी। दस मार्च तक नामांकन वापस लिए जा सकेंगे और 15 मार्च को चुनाव कराए जायेंगे। उसी दिन अध्यक्ष समेत सभी नए पदाधिकारियों की घोषणा की जायेगी।
___________________






ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments