आईफोन और लेनदेन विवाद में हुई थी प्रॉपर्टी डीलर कार्यालय में हत्या

आगरा, 01 मार्च। थाना सदर के सेवला सराय स्थित प्रापर्टी डीलर के कार्यालय में सेल्समैन की हत्या आईफोन को लेकर हुई थी। वह घटना से एक दिन पहले हुए विवाद में प्रापर्टी डीलर के कार्यालय से आईफाेन उठा ले गए थे। प्रापर्टी डीलर ने फोन लौटाने को कहा तो मना कर दिया। मंगलवार की दोपहर वह आईफाेन लेकर कार्यालय गए। वहां पर विवाद के बाद प्रापर्टी डीलर के कर्मचारियों ने उसे पीट दिया। एक कर्मचारी ने सिर में गोली मार दी।
हत्याकांड में प्रापर्टी डीलर अन्नू चाहर समेत चार लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस ने पूछताछ के लिए कुछ लोगों को पकड़ा है, जिनसे प्रारंभिक पूछताछ में हत्या का कारण आईफोन काे लेकर हुआ विवाद सामने आया है।
नौबरी ताजगंज निवासी 33 वर्षीय सेल्समैन मनोहर शर्मा उर्फ भोलू पंडित की मंगलवार को हत्या कर दी गई थी। सदर के सेवला सराय में प्रापर्टी डीलर अन्नू चाहर के कार्यालय में उनका शव मिला था। गोली सिर में मारी गई थी। आरोपी कार्यालय का आधा शटर गिराकर भाग गए थे। वहां लगे सीसीटीवी कैमरों का डिजिटल वीडियो रिकार्डर (डीवीआर) अपने साथ ले गए थे।
पुलिस की प्रारंभिक छानबीन में सामने आया है कि अन्नू चाहर और मनोहर शर्मा में छह वर्ष पुरानी मित्रता है। उसका अन्नू चाहर के कार्यालय पर उठना-बैठना था। वह आसपास की जमीनों की जानकारी रखते थे। इसकी जानकारी अन्नू चाहर काे देते थे। अन्नू चाहर इन संपत्तियों को बिकवाने से मिलने वाले कमीशन का कुछ हिस्सा मनोहर को भी देता था। हत्या का कारण सोमवार की घटना बनी। अन्नू से किसी बात पर विवाद हो गया था। मनोहर कार्यालय में रखा अन्नू चाहर का आईफोन और एक चाबी उठा ले गए। अन्नू ने अपना आईफाेन होने पर मनोहर शर्मा को फोन किया। उससे आईफोन लौटाने की कहा। मनोहर ने फोन ले जाने से इंकार किया। अनुमान है कि अन्नू चाहर ने कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी होगी।
मनोहर शर्मा मंगलवार की दोपहर में आईफाेन लेकर अन्नू चाहर के कार्यालय पहुंचे थे। कार्यालय में उनका विवाद हो गया। अन्नू चाहर के कर्मचारी चेतन और पदमी व मित्र प्रमोद भी वहां मौजूद थे। मालिक से विवाद होता देख कर्मचारी पदमी, चेतन और मित्र प्रमोद भी मनोहर शर्मा से भिड़ गया। कहा जा रहा है कि इसी दौरान पदमी ने तमंचे से मनोहर के सिर में गोली मार दी। जिसके बाद सभी आरोपी कार्यालय से डीवीआर लेकर फरार हो गए।
सहायक पुलिस आयुक्त अर्चना सिंह ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी को तीन टीम लगाई हैं। कुछ लोगों को पूछताछ के लिए पकड़ा है। अन्नू चाहर निवासी नारायण कालोनी सेवला, चेतन निवाासी सरस्वती विहार, प्रमोद उर्फ भुल्लन निवासी नैनाना ब्राह्मण सदर और पदमी निवासी रजरई ताजगंज के खिलाफ अभियोग दर्ज किया गया है।

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments