गैस गीजर फटने से मकान की छत ढही, पति-पत्नी और बच्ची घायल
आगरा, 05 फरवरी। थाना शाहगंज क्षेत्र में आज रविवार की तड़के गैस का गीजर फटने से एक मकान की छत ढह गई। हादसे में पति-पत्नी और बच्ची तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। धमाका इतना तेज था कि लगा कहीं बम फट गया। धमाके की आवाज सुनकर आस-पास के लोगों ने मलबे से निकाला। पुलिस ने घायलों को एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।
शाहगंज थाना क्षेत्र के कमाल खां दरगाह के पास करीम (26) अपनी पत्नी गजाला और चार साल की बेटी साफिया के साथ रहता है। सुबह करीब छह बजे गजाला ने गीजर गैस का गीजर चलाया। इसके बाद वह चाय बनाने किचन में चली गई। थोड़ी देर बाद ही तेज धमाका हुआ। धमाके में मकान की छत ढह गई। मलबे में करीम, गजाला और साफिया दब गए। चीख-पुकार मच गई। मकान के दूसरे हिस्से में रहने वाले करीम के भाई और अन्य लोग मदद को पहुंचे। बताया जा रहा है कि हादसे में गजाला की हालत गंभीर है। बच्ची को भी उपचार के लिए निजी अस्पताल में रेफर किया गया है।
आस-पास के लोगों का कहना है कि मकान की छत पर पानी की टंकी रखी थी। उसमें से पानी का रिसाव होता था। इस कारण मकान में सीलन भी रहती थी। सीलन के चलते पूरी छत ढह गई।
परिवार के लोगों ने बताया, दो सौ गज के मकान में छह भाई रहते हैं। करीम का हिस्सा अलग था। गजाला सुबह छह बजे चाय बना रही थी। रसोई में ही गैस गीजर लगा था। अचानक धमाका हुआ। सबसे पहले रसोई की छत उड़ी। गजाला मलबे में दब गई। रसोई में आग भी लग गई। जिसमें, गजाला झुलस गई। रसोई के बराबर के कमरे में करीम और बेटी साफिया सो रहे थे। वह भी कमरे की छत ढहने से दब गए।
पड़ोसी अफजल ने बताया कि धमाका इतनी तेज था कि आस-पास के मकान भी हिल गए। कुछ देर तक समझ ही नहीं आया। जब बाहर आकर देखा तो पता चला कि करीम का मकान ढह गया है। सभी लोगों ने घायलों को मलबे से निकाला।
_______________________
Post a Comment
0 Comments