फतेहपुर सीकरी में छात्र का अपहरण कर हत्या, शव जलाया
आगरा, 09 फरवरी। जिले में छात्र का अपहरण कर हत्या कर दी गई और शव जला दिया गया। घटना फतेहपुर सीकरी थाना के नगर सीकरी हिस्सा चार गांव की है। शव नीलम इंजीनियरिंग कॉलेज के पास खेत में जली हालत में पड़ा मिला। राहगीरों ने देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। छात्र के शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं। छात्र की पहचान लव के रूप में हुई।
नगर सीकरी हिस्सा चार गांव के रहने वाले राम प्रसाद अपने परिवार के साथ रहते हैं। वह ऑटो चालक हैं। बेटा लव (20) बीएससी फर्स्ट ईयर का स्टूडेंट था। गुरुवार की सुबह वह घर से पैदल रघुनाथ कॉलेज जाने के लिए निकला था। लेकिन, स्कूल नहीं पहुंचा। सुबह 11:40 बजे परिजनों को फोन आया। फोन करने वाले ने बेटे के अपहरण की बात कही। उसने 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी। बेटे के अपहरण की जानकारी होने पर घरवालों ने फौरन इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके कुछ देर बाद ही लोगों ने नीलम इंजीनियरिंग कॉलेज के पास खेत के अंदर एक जला हुआ शव देखा।
शरीर पर मिले चोट के निशान शव को पीले रंग की तिरपाल में लपेट कर फेंका गया था। उसमें आग लगा दी गई थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। छात्र के घरवाले भी पहुंच गए। छात्र की शिनाख्त लव के रूप में की। छात्र के शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं। लव तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था।
एसीपी राजवीर सिरोही ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में दो युवकों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं।
मृतक के पिता ने बताया कि लव को सुबह उसके किसी दोस्त का फोन आया था। उसने कहा कि एडमिट कार्ड लेने चलना है। इसके बाद लव सुबह 8.30 बजे घर से निकल गया था। रोज वह बाइक से कॉलेज जाता था, लेकिन आज पैदल ही गया था। उसके घर से जाने के करीब तीन घंटे बाद उसके फोन से ही फिरौती का कॉल आया था। फिरौती मांगने वाले ने पुलिस को बताने पर बेटे को मारने की धमकी दी थी।
पीले रंग की तिरपाल में लपेट कर जलाया छात्र को हत्यारों ने पीले रंग की तिरपाल में लपेटा। इसके बाद उसके शव को लाकर खेत में फेंक दिया। माना जा रहा है कि पहचान छिपाने के लिए शव को जलाया गया। पोस्टमॉर्टम के बाद ही पता चल सकेगा कि पहले उसकी हत्या की गई थी या उसे जिंदा जलाया गया है।
Post a Comment
0 Comments