राजेश गोयल हो सकते हैं नेशनल चैंबर के नए अध्यक्ष
आगरा, 05 फरवरी। उद्यमियों की बड़ी संस्था नेशनल चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स यूपी की जिला शाखा के वार्षिक चुनावों की गहमागहमी एक बार फिर शुरू हो गई है। पिछले वर्ष की भांति इस साल भी नए अध्यक्ष को निर्विरोध बनाए जाने की तैयारी है। इसके लिए चैंबर के पूर्व उपाध्यक्ष राजेश गोयल (मिंटू) के नाम पर लगभग सहमति बन गई है। यदि कोई अड़चन न आई तो राजेश का चैंबर का अगला अध्यक्ष बनना तय है।
गौरतलब है कि राजेश गोयल को एक जुझारू उद्यमी के रूप में शहर में अलग पहचान है। वह कई साल से आगरा कोल्ड स्टोरेज एसोसियेशन के सचिव हैं और पिछले कुछ साल से फेडरेशन ऑफ कोल्ड स्टोरेज एसोसियेशन ऑफ इंडिया के भी राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। उन्होंने जिला स्तर से राष्ट्रीय स्तर तक शीतगृहों की समस्याएं दूर कराने में बड़ी भूमिका निभाई है। उनके प्रयासों से फेडरेशन को एक अलग पहचान भी मिली है। वे आगरा आयरन फाउंडर्स एसोसियेशन, आईआईए जैसी कई अन्य उद्यमी संस्थाओं से भी जुड़े हुए हैं।
राजेश गोयल के इसी जुझारू व्यक्तित्व को देखते हुए चैंबर के कुछ पूर्व अध्यक्षों ने कुछ माह पूर्व ही उन्हें नया अध्यक्ष बनाने के प्रयास शुरू कर दिए थे। पूर्व अध्यक्षों का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों में नेशनल चैंबर की गतिविधियों में गिरावट आई है। प्रशासनिक मंचों पर चैंबर की पकड़ ढीली हुई है। इसे सुधार कर पुरानी गरिमा को लौटाने के लिए राजेश गोयल जैसे जुझारू व्यक्ति की चैंबर को जरूरत है।
दो पूर्व अध्यक्ष भी थे दावेदार
चैंबर में इस साल दो पूर्व अध्यक्ष भी पुनः अध्यक्ष बनने के इच्छुक थे। वे अपने पूर्व कार्यकाल की उपलब्धियों के आधार पर दावेदारी कर रहे थे। उनका यह भी कहना था कि हाल के वर्षों में एक पूर्व अध्यक्ष को पुनः मौका दिया गया तो उन्हें भी यह मौका मिलना चाहिए। लेकिन चैंबर की राजनीति में "चाणक्य" माने जाने वाले एक वरिष्ठ पूर्व अध्यक्ष ने इन दोनों को राजेश गोयल के पक्ष मना लिया है। दोनों पूर्व अध्यक्ष स्वयं को इस "चाणक्य" की बात से बाहर जाने की स्थिति में नहीं पा रहे हैं। इसलिए फिलहाल दोनों ने चुप्पी साध ली है।
राजेश गोयल भी चल रहे सधी चाल
अध्यक्ष पद के दावेदार राजेश गोयल बेहद सधे कदमों के साथ आगे बढ़ रहे हैं। चैंबर में अध्यक्ष पद के लिए करीब एक दर्जन पूर्व पदाधिकारी योग्यता रखते हैं। राजेश एक-एक कर सभी से बात करके अपने पक्ष में माहौल बनाते जा रहे हैं। अधिकांश से उन्हें अपने प्रति सकारात्मक जवाब मिल रहा है। चैंबर अध्यक्ष बनने के लिए उन्होंने फेडरेशन ऑफ कोल्ड स्टोरेज एसोसियेशन में भी एक कार्यकारी अध्यक्ष की नियुक्ति करके स्वयं के एक साल तक अवकाश पर रहने की तैयारी कर ली है।
चुनाव संचालन समिति बनी
चैंबर के वार्षिक चुनावों के लिए सात सदस्यीय चुनाव संचालन समिति बना दी गई है। समिति का अध्यक्ष सीताराम अग्रवाल और सह अध्यक्ष प्रदीप कुमार वार्ष्णेय को बनाया गया है। इसके अलावा समिति में अमर मित्तल, योगेंद्र सिंघल, महेंद्र सिंघल, श्रीकिशन गोयल, शांतिस्वरूप गोयल शामिल हैं। वर्तमान अध्यक्ष शलभ शर्मा पदेन सदस्य होंगे।
22 फरवरी से नामांकन, 15 मार्च को चुनाव
अध्यक्ष शलभ शर्मा के अनुसार, चैंबर के चुनावों की प्रक्रिया 22 फरवरी से शुरू हो जाएगी। इस दिन से नामांकन पत्र मिलना शुरू हो जाएंगे। एक मार्च तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे। दो मार्च को उनकी जांच होगी। दस मार्च तक नामांकन वापस लिए जा सकेंगे। आवश्यक होने पर 15 मार्च को चुनाव कराए जायेंगे।
_________________
Post a Comment
0 Comments