चाय वाले से उलझना भारी पड़ गया ईरानी युवक को

वीजा समाप्त होने के बावजूद रुका हुआ था देश में
पुलिस ने किया गिरफ्तार, दूतावास से जानकारी मांगी
आगरा, 09 जनवरी। वीजा अवधि पूरी होने के बाद भी देश में डटे हुए एक ईरानी नागरिक को यहां चाय विक्रेता से उलझना भारी पड़ गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इस ईरानी युवक का वर्ष 2021 में वीजा समाप्त हो चुका है।
ईरान के तेहरान शहर का रहने वाला बहरूज वली जादे रविवार को फतेहपुर सीकरी घूमने आया था। घूमने के बाद वह अछनेरा में एक चाय की दुकान पर आया। किसी बात को लेकर उसका विवाद चाय विक्रेता हो गया। जब चाय विक्रेता को उसकी भाषा समझ में नहीं आई तो उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस वाले भी उसकी भाषा को समझ नहीं पा रहे थे। पुलिस ने एलआईयू को जानकारी दी। एलआईयू की टीम मौके पर पहुंच गई। एलआईयू ने जब उसका पासपोर्ट और वीजा मांगा तो पता चला कि उसका वीजा समाप्त हो चुका है।
बहरूज का वीजा 26 अप्रैल, 2021 को समाप्त हो गया था इसके बावजूद भी वह भारत में रुका हुआ था। पूछताछ में पता चला कि वह दिल्ली से अपने दोस्तों के साथ आया था, लेकिन वह अछनेरा में क्यों रुका था, कितने दिन से वह आगरा में है, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
अछनेरा थाना प्रभारी अनुराग शर्मा ने बताया कि ईरानी युवक के खिलाफ विदेशी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। ईरानी दूतावास में भी इसकी जानकारी भेजी गई है। वहां से यह पता चल सकेगा कि वह भारत कब आया था और कहां-कहां गया।

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments