हनीमून से लापता युवती बोली, मैं लुटेरी नहीं, पति मारना चाहता था
आगरा, 15 जनवरी। थाना सदर क्षेत्र निवासी युवती पर उसके ससुरालीजनों ने लुटेरी दुल्हन होने का आरोप लगाया था। शादी के बाद हनीमून से युवती लापता हो गई थी। आरोपों के बाद अब युवती सामने आई है। उसने पुलिस आयुक्त को प्रार्थना पत्र दिया है। उसका कहना है कि वह लुटेरी दुल्हन नहीं है। ससुरालीजनों झूठ बोलकर शादी की। हनीमून पर उसके साथ मारपीट की गई। इसके चलते होटल से दिल्ली चली गई थी।
मुस्तफा क्वार्टर निवासी युवती की 28 नवंबर, 2022 को अलीगढ़ निवासी युवक के साथ शादी हुई थी। युवती का कहना है कि बिचौलियों ने शादी से पहले बताया था कि लड़का सरकारी नौकरी में हैं। शादी के बाद पता चला कि युवक नौकरी नहीं करता था और वह तुतलाता भी था। उसने अपनी मां को शादी के बाद ये बताया था। इसके बाद वह अपने पति के साथ नौ दिसंबर को हनीमून के लिए ऋषिकेश गई थी। युवती ने आरोप लगाया कि यहां पर उसका पति किसी से फोन पर बात करते हुए कह रहा था कि वह उसे पहाड़ी से धक्का दे देगा। इसके बाद होटल में कमरे में बंद कर उसके साथ मारपीट की गई। उसका फोन तोड़ दिया।
युवती का कहना है कि इसके बाद रात को मौका पाकर होटल से भाग निकली थी। उसने फोन पर अपनी मां को पूरी घटना बताई। वह बस में बैठकर दिल्ली चली गई थी। उसके ससुराल वाले बेटे को नशीला पदार्थ देकर बेहोश करने की बात कह रहे हैं, जो कि गलत है। क्योंकि उस दिन रात साढ़े 10 बजे उसके पति ने उसकी मां को फोन किया था। युवती का कहना है कि ससुराल वाले कार के लिए दबाव बना रहे थे। शादी के बाद से उसे टॉर्चर किया जा रहा था।
युवती ने अपनी मां के साथ इस मामले में पुलिस आयुक्त डॉ. प्रीतिंदर सिंह को प्रार्थना पत्र दिया। उनका कहना है कि सुसरालीजनों द्वारा बेबुनियाद आरोप लगाए गए हैं। पुलिस आयुक्त ने जांच करने और अलीगढ़ पुलिस को अवगत कराने की बात कही है।
सुसरालीजनों ने भी की है शिकायत
इससे पहले युवती के ससुरालीजनों ने हनीमून पर होटल में पति को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश करने और सारा सामान ले जाकर भाग जाने का आरोप लगाया। उन्होंने अलीगढ़ में पुलिस को शिकायत की है।
Post a Comment
0 Comments