युवती का शव कुएं में लटका मिला, घर से बुलाकर ले गया था युवक

आगरा, 07 जनवरी। जिले में घर से गायब एक युवती का शव नौ घंटे बाद कुएं में फंदे पर लटका मिला। गले में दुपट्टे का फंदा बना हुआ था। उसे गांव का ही युवक घर से बुलाकर ले गया था। परिवारीजनों ने युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
तहसील खेरागढ़ के एक गांव की 18 वर्षीय युवती के पिता किसान हैं। पिता के मुताबिक, गुरुवार शाम को वह खेत पर थे। घर पर अन्य सदस्य थे, तभी गांव का ही युवक पहुंचा और बेटी को बुलाकर ले गया। आठ बजे तक बेटी घर नहीं आई तो उन्हें चिंता हुई। बेटी की तलाश में पूरे गांव में खोजबीन की, लेकिन पता नहीं चला। इसके बाद परिवारीजनों ने पुलिस की मदद ली। पुलिस ने भी प्रयास किए। सफलता नहीं मिलने पर पुलिस लौट गई। रात करीब डेढ़ बजे परिवारीजनों को उसका शव घर से बमुश्किल 100 मीटर दूर स्थित कुएं में फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पुलिस पहुंच गई।
पुलिस उपायुक्त पश्चिमी जोन सत्यजीत गुप्ता का कहना है कि परिवारीजनों की तहरीर के आधार पर अभियोग दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। युवती की मृत्यु की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। उसकी हत्या की गई, ये उसकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चलेगा। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि युवती खुदकुशी के लिए क्यों मजबूर हुई। आत्मघाती कदम उठाने के लिए उसे किसने उकसाया।
----------

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments