आगरा के होटल व्यवसायी का इंजीनियर पुत्र समुद्र में समाया

आगरा। जश्न पलक झपकते ही गम में बदल गया। एक पल में खुशियां समुद्र की गहराइयों में समा गईं। आगरा के होटल व्यवसायी का युवा पुत्र इंजीनियर दीपक मखीजा नया साल मनाने चार दोस्तों के साथ पुंडुचेरी गया था। यहां वह नहाते वक्त समुद्र में डूब गया।
दोस्त उसका वीडियो बनाते रहे। बाद में उन्हें उसके डूब जाने का अहसास हुआ। कुछ घंटे बाद उसका शव बरामद हुआ। दोस्तों ने दीपक के घरवालों और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। घरवाले पुंडुचेरी के लिए रवाना हो गए।
इस घटना का वीडियो भी सामने आया वीडियो में दिख रहा है कि तीन युवक समुद्र में नहा रहे हैं। इसके अलावा एक युवक वीडियो बना रहा है। तभी एक दोस्त अचानक डूब गया। वीडियो बनाने वाला युवक कह रहा है कि वो नाटक तो नहीं कर रहा है... अरे-अरे वो गया... शिट। यहां पर कोई है भी नहीं। वो बीच में चला गया। वह मर गया। 
मृतक दीपक आगरा के आवास विकास कॉलोनी का रहने वाला था। वह बंगलुरू में एक साल से नौकरी कर रहा था। पुलिस को दीपक के एक दोस्त ने बताया कि वे सभी नया साल सेलिब्रेट करने के लिए 31 दिसंबर की सुबह पुंडुचेरी पहुंचे थे। शाम को समुद्र किनारे मस्ती कर रहे थे। दीपक नहाने के लिए समुद्र में चला गया। उसने बताया कि इस दौरान तेज लहरें आईं। ऐसे में दीपक खुद को संभाल नहीं पाया और लहरों की चपेट में आ गया। पलभर में ही दीपक समुद्र में समा गया। पहले लगा कि दीपक मजाक कर रहा है, लेकिन जब वह डूब गया और दिखाई नहीं दिया तो उसे बचाने के लिए मदद मांगी। हम लोग देखते रह गए, कुछ नहीं कर सके।
दीपक के परिवार का यहां राजा की मंडी रेलवे स्टेशन के पास कृष्णा होटल है। दीपक पढ़ने में बहुत मेधावी रहा। एक साल पहले ही वह अच्छे पैकेज पर नौकरी के लिए गया था। दीपक ने अपनी मां को फोन कर बताया था कि वह दोस्तों के साथ बाइक से पुंडुचेरी आया है। नए साल का जश्न मनाने के बाद वह आगरा भी आएगा। सुबह उसकी बात हुई थी और शाम को बेटे के समुद्र में समा जाने की खबर आई। हालांकि मां को तुरंत मौत की जानकारी नहीं दी गई।
दीपक के ताऊ नानकराम ने बताया कि दीपक तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। उसकी उम्र 22 साल है। दीपक के पिता तुलसी राम व अन्य परिवारीजन पुंडुचेरी पहुच गए। पुलिस ने शव को बरामद कर लिया। शव को आगरा लाया जा रहा है।
_____________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments